गाजा,12 अप्रैल (युआईटीवी)- मध्य गाजा में नुसीरात शरणार्थी शिविर के आसपास इजराइली बलों ने दो दिनों तक तेज बमबारी की। यह जानकारी मीडिया को स्थानीय सूत्रों ने दी है। इस बमबारी में कई लोगों के हताहत होने की खबर है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक,फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि नुसीरात शिविर के उत्तर में इजराइली सेना द्वारा खूब बमबारी की गई।
इसके अतिरिक्त,शिविर के पश्चिम और उत्तर में स्थित दो मस्जिदों के साथ-साथ कई आवासीय टावरों पर भी इजराइली विमानों ने बमबारी की।
शिविर के बाहरी इलाके में इज़राइली तोपखाने ने घरों और कृषि भूमि को निशाना बनाया।
सूत्रों ने बताया कि कम-से-कम पाँच फिलिस्तीनियों की मौत बमबारी के परिणामस्वरूप हो गई है और कई अन्य इस बमबारी में घायल हो गए। फिलिस्तीनी आतंकवादियों और इजराइली बलों के बीच नुसीरात के बाहरी इलाके में भीषण लड़ाई चल रही है।
