काबुल, 9 अक्टूबर(युआईटीवी)- अफगानिस्तान में 7 अक्टूबर को 6.3 की तीव्रता से आए भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,445 हो गई है और 9,200 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। भूकंप अफगानिस्तान के हेरात और पड़ोसी प्रांतों में आया है। मलबे में दबे लोगों को बचाव दल के अधिकारी निकालने में लगे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि भूकंप का सबसे अधिक प्रभाव हेरात के जंडा जान जिला में पड़ा है। वहाँ के लगभग 13 गाँव पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता मुल्ला जनान शेख ने बताया कि 9,200 से अधिक लोग इस भूकंप के दौरान घायल हुए हैं।
अफगानिस्तान के हेरात शहर से उत्तर-पश्चिम में 7 अक्टूबर को सुबह लगभग 11 बजे 6.3 की तीव्रता से भूकंप आया। भूकंप की वजह से संचार व्यवस्था और सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। जिसके कारण दूरदराज के इलाकों तक पहुँचने के लिए बचावकर्मी संघर्ष कर रहे हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का मानना है कि इस भूकंप में करीब 465 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं।
ईरानी सीमा से 120 किमी पूर्व में अफगानिस्तान का हेरात शहर स्थित है और बताया जाता है कि यहाँ की आबादी 1.9 मिलियन है।
अक्सर अफगानिस्तान में भूकंप आते रहते हैं। अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में पिछले साल जून में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया था। इस भूकंप से 1,000 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई थी और हजारों लोग बेघर भी हो गए थे।
