पर्यटक

रूसी पर्यटकों के प्रवेश पर नॉर्वे लगाएगा रोक

कोपेनहैगन,24 मई (युआईटीवी)- रूसी पर्यटकों के प्रवेश पर नॉर्वे सरकार ने रोक लगाने की बात कही है। गुरुवार को नॉर्वे सरकार ने कहा कि रूसी पर्यटकों के प्रवेश पर अगले हफ्ते से रोक लगाया जाएगा। ओस्लो अपने पड़ोसी के साथ 198 किमी लंबी आर्कटिक भूमि सीमा को सख्त करना जारी रखे हुए है। यूक्रेन पर रूस द्वारा किए जा रहे आक्रमण को देखते हुए,मई 2022 में नॉर्वे सरकार ने रूसियों के लिए प्रवेश वीजा प्राप्त करना कठिन कर दिया था। नॉर्वे सरकार का कहना था कि गैर-जरूरी उद्देश्यों की पूर्ति के लिए रूसी पर्यटकों का नॉर्वे में प्रवेश सही नहीं है।

अवैध क्रॉसिंग को रोकने के लिए नॉर्वे ने सीमा क्षेत्र में चौकसी को बढ़ा दिया है। दरअसल,रूस के नागरिकों को डर है कि युद्ध का हिस्सा बनाने के लिए सेना में भर्ती किया जा सकता है या रूस अपने नागरिकों के बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगा सकता है। इन्हीं सब वजह से सीमा क्षेत्र में नॉर्वे ने चौकसी को बढ़ा दिया है।

रूस के वैसे नागरिक जो मई 2022 से पहले जारी किए गए पर्यटक वीजा पर देश में हैं,उन रूसियों को निष्कासित करने की शक्ति अगले बुधवार से नॉर्वे की पुलिस के पास होगी। ऐसे वीजा यूरोप के पासपोर्ट-मुक्त शेंगेन यात्रा क्षेत्र तक पहुँच की अनुमति देते हैं।

अन्य शेंगेन सदस्य देशों से जारी वीजा वाले रूसियों पर भी ये नए उपाय लागू होते हैं।

हालाँकि,कुछ अपवाद भी नए नियमों में होंगे, जिनमें नॉर्वे में रहने वाले परिवार के सदस्यों से मिलने वाले लोग भी शामिल हैं। उन रूसियों पर इसका कोई भी प्रभाव नहीं पड़ेगा,जो नॉर्वे में काम करने वाले या पढ़ने वाले हैं।

एक सरकारी प्रेस विज्ञप्ति में न्याय और सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री एमिली एंगर मेहल ने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध के खिलाफ प्रतिक्रियाओं में सहयोगियों और हिस्सेदारों के साथ खड़े होने के नॉर्वेजियन दृष्टिकोण के अनुरूप प्रवेश नियमों को कड़ा करने का यह निर्णय लिया गया है।

स्टोर्सकोग सीमा स्टेशन एकमात्र कानूनी क्रॉसिंग प्वाइंट है। सरकार के मुताबिक,सीमा यातायात की निगरानी नॉर्वेजियन अधिकारी बारीकी से कर रहे हैं और जो भी जरुरी है,वह उपाय किए जा रहे हैं। फिनलैंड ने रूस के साथ अप्रैल में अनिश्चित काल के लिए अपनी पूरी सीमा बंद कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *