मुंबई,8 जुलाई (युआईटीवी)- मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में पिछले 24 घंटों से जारी भारी बारिश के कारण बड़े पैमाने पर जलभराव हो गया है। इससे सड़कें,ट्रेनें तथा राजमार्ग प्रभावित हो गए हैं। कई स्टेशनों पर काम पर जाने वाले लाखों यात्री फँसे हुए हैं तथा सुबह के सत्र के सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है। इसकी जानकरी सोमवार को अधिकारियों द्वारा दिया गया।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक,सोमवार को सुबह 1 बजे से 7 बजे तक मुंबई के कुछ इलाकों में छह घंटों के भीतर 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। अगले दो दिनों तक भारी बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
लोगों को सड़कों,रेलवे ट्रैक,निचले इलाकों में जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा लोगों को मेट्रो बंद होने,घरों,दुकानों या दफ्तरों में पानी भरने तथा कई जगहों पर आवागमन बाधित होने जैसी समस्यायों का भी सामना करना पड़ रहा है।
उपनगरीय लोकल ट्रेनों में भारी बारिश के कारण देरी हुई,तो वहीं कुछ ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है। पश्चिमी रेलवे तथा मध्य रेलवे नेटवर्क के तकरीबन सभी रेलवे स्टेशनों पर भी भारी भीड़ देखी गई।
इसके अलावा,हजारों यात्रियों को मुंबई-पुणे,मुंबई-गुजरात,मुंबई-कोल्हापुर सेक्टरों में ले जाने वाली ट्रेनें या तो देरी से चल रही है या उन ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। कई ट्रेनें तो स्टेशनों पर ही रुकी हुई हैं।
50 से अधिक उड़ानों को भी भारी बारिश के कारण रद्द कर दी गई हैं। यात्रियों को कई एयरलाइनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से चेतावनी भी जारी किया है और उनसे आग्रह किया है कि हवाई अड्डे के लिए घर से निकलने से पहले उड़ान की स्थिति की ठीक से जाँच कर ले।
मुंबई में अंधेरी,सांताक्रूज,मलाड,जोगेश्वरी,कांदिवली,दहिसर इत्यादि सहित कई सबवे में 3-5 फीट तक पानी भर गया है और पूर्व-पश्चिम यातायात भी इस भारी बारिश के वजह से बाधित हो गया।
डोंबिवली,ठाणे,कल्याण,उल्हासनगर,कुर्ला,भांडुप,सायन,कुर्ला,वडाला के पास रेलवे ट्रैक पर और कई आवासीय परिसरों में पानी भर गया है। जलभराव के कारण उपनगरीय ट्रेनें प्रभावित हुईं।
भारी बारिश के कारण कई पेड़ गिर गए,शहर के विभिन्न इलाकों में कई गाड़ियाँ फँस गईं और कई अन्य छोटी-मोटी घटनाएँ भी घटित हुईं, लेकिन अभी तक इससे किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और कोंकण बेल्ट के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
