डबलिन, 20 अगस्त (युआईटीवी)- भारत और आयरलैंड के बीच रविवार को खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारत ने आयरलैंड को 33 रन के अंतर से हराकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली, जो कप्तान जसप्रीत बुमराह की पहली सीरीज जीत है। यह मैच आयरलैंड के डबलिन के स्टेडियम में खेला गया था।
जहाँ आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया,भारत की ओर से यशस्वी जयसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ ओपनिंग करने आए।

जयसवाल सिर्फ 11 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए । उनके आउट होने के बाद मैदान पर तिलक वर्मा आए,जो सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए।
भारत के लिए ऋतुराज गायकवाड़ ने 58(43),सैमसन ने 40(26), रिंकू सिंह ने 38(21) और शिवम दुबे ने 22(16) का योगदान दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 185 रन बनाए।

जवाब में आयरलैंड की टीम 20 ओवर में 152 रन ही बना सकी, आयरलैंड की बल्लेबाजी शुरू होते ही तीसरे ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने अपने पहले ही ओवर में 2 विकेट लेकर आयरलैंड के बल्लेबाजी क्रम को बड़ी चोट पहुंचाई, कुछ ओवर बाद रवि बिश्नोई ने अपने पहले ओवर में 1 और विकेट लिया।

आयरलैंड के लिए एंड्रयू बालबर्नी ने जोरदार पारी खेली और महज 51 गेंदों में 72 रनों की तूफानी पारी खेली, लेकिन आयरलैंड की जीत के लिए यह काफी नहीं थी।

इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है, इस सीरीज का आखिरी मैच 23 तारीख को खेला जाएगा, जिसके बाद भारत सीधे एशिया कप में पहुँच जाएगा।
