दिल्ली कैपिटल्स

आईपीएल 2024 : दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ को 6 विकेट से हराया, फ्रेजर-मैकगर्क ने डेब्यू मैच में अर्द्धशतक जड़ा,कुलदीप ने 3 विकेट झटके

लखनऊ,13 अप्रैल (युआईटीवी)- आईपीएल 2024 में इस सीजन का 26वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स को दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से हरा दिया। कुलदीप यादव और जैक फ्रेजर-मैकगर्क दिल्ली की इस जीत के हीरो बने। जहाँ कुलदीप यादव ने गेंद से कहर ढाते हुए 20 रन देकर 3 विकेट झटके,तो वहीं अपना डेब्यू मैच खेल रहे फ्रेजर-मैकगर्क ने बल्ले से तूफानी पारी खेलते हुए 35 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 55 रन की बेहतरीन पारी खेली। लखनऊ सुपर जायंट्स को दिल्ली कैपिटल्स ने 11 गेंद शेष रहते छह विकेट से आसानी से हरा दिया।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 167 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट खोकर 170 रन का स्कोर 18.1 ओवर में पूरा कर लिया। अरशद खान की 19वें ओवर की पहली गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स (15 नाबाद) ने छक्का लगाकर टीम को लक्ष्य के पार पहुँचाया।

ओपनर पृथ्वी शॉ ने 32 रन 22 गेंद में बनाए और ऋषभ पंत ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 41 रन की धुआंधार पारी 24 गेंद पर खेली। तीसरे विकेट के लिए ऋषभ पंत ने मैकगर्क के साथ 46 गेंद में 77 रन की साझेदारी की।

रवि बिश्नोई ने लखनऊ की ओर से ऋषभ पंत और पृथ्वी शॉ का विकेट हासिल किया।अरशद खान ने मैकगर्क को नवीन-उल-हक के हाथों कैच कराया। डेविड वार्नर को 8 रन के निजी स्कोर पर यश ठाकुर ने आउट किया।

शुरुआत में लखनऊ के बल्लेबाजों को दिल्ली के गेंदबाजों ने हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। कुलदीप यादव ने अपने चार ओवरों में लखनऊ के शीर्ष-5 में से तीन खिलाड़ियों को मात्र 20 रन देकर आउट किया। अपने पहले ही ओवर में कुलदीप यादव ने मार्कस स्टॉयनिस को ईशांत शर्मा के हाथों कैच करवा कर आउट किया। इसके बाद निकोलस पूरन को उन्होंने गोल्डेन डक पर बोल्ड करके पैवेलियन की राह दिखाई। उनका तीसरा शिकार केएल राहुल बने। केएल राहुल ने 22 गेंदों में एक छक्का और और 5 चौकों की मदद से 39 रन की पारी खेली।

एक समय लखनऊ के सात खिलाड़ी 13 ओवर में 94 रन पर आउट हो गए थे। लेकिन इसके बाद आयुस बदोनी और अरशद खान ने संयम से खेलते हुए पारी को संभाला। आयुस बदोनी ने 35 गेंद पर एक छक्का और और 5 चौकों की मदद से नाबाद 55 रनों की पारी खेली,तो वहीं अरशद खान ने 16 गेंद में 2 चौका जड़ते हुए 20 रनों की पारी खेली और इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 73 रन की साझेदारी हुई,जिसके दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 168 का लक्ष्य देने में कामयाब हुए।

खलील अहमद ने दिल्ली की ओर से दो विकेट झटके,तो ईशांत शर्मा तथा मुकेश कुमार ने एक-एक विकेट लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *