कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकी ढेर (तस्वीर क्रेडिट@amitsr7151)

कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकी ढेर,15 लाख का इनामी कमांडर लतीफ भट भी मारा गया

नई दिल्ली,17 नवंबर (युआईटीवी)- दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। लारू इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया गया। मारे गए आतंकियों में संगठन का बड़ा कमांडर लतीफ अहमद भट भी शामिल है। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीम पर हुए हमले के बाद से सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के छठे दिन आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों आतंकी मारे गए।

सुरक्षाबलों ने आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद लारू इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त अभियान शुरू किया था। तलाशी के दौरान आतंकियों से सामना होने पर मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें दोनों आतंकियों को मार गिराया गया। लतीफ भट पिछले कुछ समय से सुरक्षाबलों के निशाने पर था और उसे इलाके में सक्रिय लश्कर के प्रमुख आतंकियों में गिना जाता था।

दरअसल, 11 नवंबर 2026 को कुलगाम के अखरान गाँव में मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हमला किया था। हमलावरों ने जवानों पर कई राउंड गोलियां चलाई थीं,जिसमें तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद से ही सुरक्षाबलों ने उनकी तलाश में व्यापक अभियान शुरू किया था।

जानकारी के मुताबिक,लतीफ अहमद भट नवंबर 2025 में आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। इस साल जुलाई में अनंतनाग के लाल चौक इलाके में एक पुलिसकर्मी की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था। इसके अलावा कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की हत्या में भी उसकी संलिप्तता बताई गई थी। अब लारू में हुई मुठभेड़ में उसके मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने एक बड़े आतंकी कमांडर को ढेर करने में सफलता हासिल की है।