नोएडा,6 सितंबर (युआईटीवी)- अंतर्राष्ट्रीय स्तर के बड़े-बड़े आयोजन जैसे इंटरनेशनल ट्रेड फेयर ,मोटो जीपी-2023,जी-20 शिखर सम्मेलन इत्यादि नोएडा में आयोजित होने वाले हैं। इन सभी अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े-बड़े आयोजन के दौरान वाहन चालक को किसी भी तरह का कोई दिक्कत न हो इसलिए गूगल मैप पर यातायात-पार्किंग और लाइव ट्रैफिक अपडेट उपलब्ध कराया जाएगा। गूगल मैप के अधिकारियों के साथ डीसीपी ट्रैफिक ने बैठक की और इसे अपडेट करने की ओर सार्थक पहल की शुरुआत कर दी है।
नोएडा के सेक्टर-14ए में स्थित कार्यालय में गूगल मैप के अधिकारियों कंवलदीप सिंह और उनकी ट्रैफिक एडवाइजरी सपोर्ट के प्रमुख जितेंद्र के साथ डीसीपी ट्रैफिक ने बैठक की। जिसमें सामान्य ट्रैफिक,सभी महत्त्वपूर्ण डायवर्जन और लाइव ट्रैफिक को गूगल मैप की टीम ने मैप में शो किया।
इंटरनेशनल ट्रेड शो-2023 और मोटो जीपी-2023 के दौरान के सभी महत्वपूर्ण जानकारियाँ गूगल मैप पर दिखाने की बात सामने आई है। प्रमुख अस्पतालों को गूगल मैप पर प्लॉट किए जाने की बात पर भी सहमति बन गई है। बताया जा रहा है कि यह सब लाइव सिस्टम पर भी होगा ताकि जाम की स्थिति या इमरजेंसी होने पर इसकी जानकारी तुरंत गूगल मैप पर मिल जाए जिससे रुट डायवर्ट करना आसान होगा। इवेंट के समय ट्रैफिक को विभिन्न क्षेत्रों में रूटिंग और रीरूटिंग करने की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। जिससे लोग आसानी से अपने गंतव्य तक पहुँच सके।
इन आयोजनों में लाखों लोगों के आने की उम्मीद जताई जा रही है जिससे बहुत भीड़ होगी इसलिए आने-जाने के लिए रास्ते डायवर्ट करने की योजना बनाई जा रही है। ट्रेड शो में सबसे ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है।जिसमें वीवीआईपी और वीआईपी भी रहेंगे। इस वजह से रूट डायवर्ट और बंद भी किए जा सकते हैं।
