नई दिल्ली,5 फरवरी (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत ऊर्जा सप्ताह 2024 की शुरुआत वैश्विक तेल दिग्गजों के सीईओ से मुलाकात के लिए करेंगे। इसके उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को गोवा जाएँगे। सोमवार को पीएमओ ने जानकारी दी कि इसमें 17 देशों के ऊर्जा मंत्री और वैश्विक तेल और गैस दिग्गजों के सीईओ शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओएनजीसी समुद्री जीवन रक्षा केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे,जिससे वैश्विक मानकों तक भारतीय समुद्री जीवन रक्षा प्रशिक्षण पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ाया जा सकेगा। केंद्र में सालाना 10,000-15,000 कर्मियों को प्रशिक्षित करने की उम्मीद है।
पीएमओ के बयान में कहा गया है कि, ” प्रधानमंत्री मोदी का एक प्रमुख लक्ष्य ऊर्जा आवश्यकताओं में आत्मनिर्भरता हासिल करने का रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक कदम बढ़ाते हुए 6 से 9 फरवरी तक गोवा में भारत ऊर्जा सप्ताह 2024 का आयोजन किया जा रहा है। संपूर्ण ऊर्जा मूल्य श्रृंखला को एक साथ लाने के लिए यह भारत की एकमात्र सर्वव्यापी और सबसे बड़ी ऊर्जा प्रदर्शनी और सम्मेलन होगा। भारत के ऊर्जा संक्रमण लक्ष्यों के लिए भारत ऊर्जा सप्ताह 2024 उत्प्रेरक के रूप में काम करेगा। वैश्विक तेल और गैस सीईओ और विशेषज्ञों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक गोलमेज बैठक करेंगे।”
भारत ऊर्जा सप्ताह 2024 का आयोजन 6 से 9 फरवरी तक गोवा में किया जा रहा है,जिसमें 900 से अधिक प्रदर्शकों तथा 35,000 से अधिक उपस्थित लोगों की मेजबानी करेगा। इसमें छह देशों यूके,रूस, कनाडा,यूएस,जर्मनी और नीदरलैंड के मंडप होंगे। भारत ऊर्जा सप्ताह 2024 में एक विशेष मेक इन इंडिया पवेलियन का आयोजन भारतीय एमएसएमई ऊर्जा क्षेत्र में जिन नवीन समाधानों का नेतृत्व कर रहे हैं,उनके प्रदर्शन के लिए किया जा रहा है।
भारत ऊर्जा सप्ताह 2024 का एक महत्वपूर्ण फोकस स्टार्टअप्स को बढ़ावा देना,स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करना होगा तथा उन्हें ऊर्जा मूल्य श्रृंखला में एकीकृत करने पर होगा।
