राहुल गांधी

राहुल गांधी का लद्दाख दौरा,लद्दाख से मोदी को दी चुनौती

लद्दाख,19अगस्त (युआईटीवी)- कांग्रेस के नेता और भूतपूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी आज अचानक लद्दाख के दो दिन के दौरे पर पहुँच गए हैं। कल तक कांग्रेस नेताओं को भी ये भनक नहीं थी कि राहुल अचानक लद्दाख के दौरे पर जायेंगे। यदि लेह-लद्दाख की बात की जाए तो शुरू से ही ये कांग्रेस का गढ़ रहा है। वर्ष 2014 से पहले कांग्रेस का ही सांसद लद्दाख का प्रतिनिधित्व संसद में करता था। लेकिन 2014 में लद्दाख के भीतर वोट बँट जाने से ये सीट बीजेपी के पाले में चली गयी। अब जब से “इंडिया” गठबंधन बना है,इसकी शुरुआत लद्दाख से ही हुई है,वहाँ के स्थानीय चुनाव में। वहाँ अगले महीने जो कारगिल हिल काउंसिल का चुनाव होने वाला है,उसमें कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस ने फैसला लिया है कि वे साझा तौर पर उम्मीदवार इन चुनाव में खड़े करेंगे।

पिछले जो भी कारगिल हिल काउंसिल के चुनाव लद्दाख में हुए हैं उनमें कांग्रेस ने कुछ विस्तार अपनी पार्टी का किया है और अधिकतर सीटें जीती हैं। ऐसा माना जा रहा है कि 2024 के चुनाव से पहले अपनी चुनावी रणनीति और चुनाव जीतने की रणनीति को राहुल गाँधी लद्दाख से ही शुरू करने जा रहे हैं।

राहुल गाँधी ने इस दो दिनी दौरे के दूसरे दिन लेह में एक कार्यक्रम युवाओं से बातचीत की। इस बीच कांग्रेस नेता ने दर्शकों के साथ बैठकर फुटबॉल मैच भी देखा और खिलाड़ियों ने उनसे हाथ मिलाया तथा वहाँ मौजूद लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली। फुटबॉल मैच देखते हुए राहुल की तस्वीरों को कांग्रेस ने साझा किया है। इन तस्वीरों को साझा करते हुए कांग्रेस ने लिखा है राहुल गाँधी ने लेह के कुशोक बकुला फुटसल स्टेडियम में राजीव गाँधी फुटसल टूर्नामेंट 2023 के फाइनल मैच में भाग लिया। राहुल ने विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि भी प्रदान की।

इससे पहले युवाओं को सम्बोधित करते हुए राहुल गाँधी ने कहा कि भारत 1947 में आजाद हुआ था। संविधान भारत की स्वतंत्रता को मजबूती देता है और भारत में आजादी को मजबूत करना संवैधानिक है। राहुल गाँधी ने आगे कहा कि संविधान एक कदम है,आप संस्थानों के स्थापना के लिए जिस तरह से संविधान को लागू करते हैं,वो उसी तरह से संविधान के विज़न को समर्थन करते हैं। लोकसभा और राज्यसभा इन सभी तत्व को मजबूत करते हैं। हालाँकि अब आरएसएस अपने लोगों को संस्थागत ढाँचे के अहम स्थानों पर बैठा रही है।

कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर कुछ तस्वीरों को साझा क्र लिखा है कि अपने लद्दाख दौरे पर जननायक राहुल गाँधी ने ऊर्जावान युवाओं से बात की और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए। युवा ही हमारे देश के भविष्य की बुनियाद हैं,उनके सपनों को सही मौका और उड़ान देना हमारी जिम्मेदारी है।

कांग्रेस की माने तो राहुल गाँधी का ये दौरा 25 अगस्त तक बढ़ा दिया जाएगा। राहुल 20 अगस्त को पैंगोंग झील पर अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी का जन्मदिन मनाएँगे। इसके बाद वो कारगिल मेमोरियल भी जाएँगे साथ ही वो 25 अगस्त को 30 सदस्य लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद,लेह चुनाव बैठक में भाग लेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *