कांग्रेस नेता राहुल गांधी

राहुल गांधी,मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं की मौजूदगी में रायबरेली से आज भरेंगे पर्चा

रायबरेली,3 मई (युआईटीवी)- कांग्रेस नेता राहुल गांधी,कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से अपना नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से राहुल गांधी के चुनाव लड़ने की आधिकारिक घोषणा शुक्रवार सुबह को कांग्रेस ने की है। वहीं किशोरी लाल शर्मा को अमेठी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

उत्तर प्रदेश की अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों पर गांधी परिवार के सदस्य लंबे समय से चुनाव लड़ते रहे हैं। उत्तर प्रदेश की अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों को राजनीतिक हलकों में गांधी-नेहरू परिवार के गढ़ के रूप में भी देखा जाता है। हालाँकि,इस बार अमेठी संसदीय सीट से कांग्रेस ने गैर-गांधी परिवार वाले व्यक्ति किशोरी लाल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

गौरतलब है कि,राहुल गांधी साल 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी के खिलाफ चुनाव लड़े थे। जिसमें स्मृति ईरानी से राहुल गांधी को हार का सामना करना पड़ा था। राहुल गांधी ने अमेठी सीट के साथ ही केरल के वायनाड सीट से भी चुनाव लड़े थे। वायनाड सीट में जीत हासिल कर वे संसद पहुँचे। इस बार भी राहुल गांधी ने वायनाड से चुनाव लड़ा है।

सोनिया गांधी साल 2019 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली से सांसद चुनी गई थीं। स्वास्थ्य कारणों से इस बार वे चुनाव नहीं लड़ रही हैं। राज्यसभा के जरिए सोनिया गांधी संसद पहुंची हैं। ऐसे में राहुल गांधी रायबरेली के सीट से चुनाव लड़ रहे हैं,जो सोनिया गांधी द्वारा खाली की गई सीट है। वहीं किशोरी लाल शर्मा जिसे अमेठी सीट से कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है,उन्हें पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का करीबी माना जाता है। खास बात यह है कि सोनिया गांधी के रायबरेली से सांसद रहते हुए,इस सीट पर किशोरी लाल शर्मा सांसद प्रतिनिधि के रूप में काम करते आए हैं।

20 मई को रायबरेली और अमेठी में मतदान होना है। कांग्रेस का कहना है कि रायबरेली और अमेठी सीट पर नामांकन के लिए राहुल गांधी और किशोरी लाल शर्मा ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। वहीं भाजपा ने एक बार फिर से स्मृति ईरानी पर भरोसा जताते हुए अमेठी लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है,तो भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह रायबरेली सीट से मैदान में हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी वे रायबरेली सीट से ही चुनाव लड़े थे,जिसमें सोनिया गांधी ने उन्हें बड़े अतंर से हराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *