प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (तस्वीर क्रेडिट@mukeshdeshka)

13 और 14 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर कर्नाटक और गुजरात जाएँगे पीएम मोदी, 15,600 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात,अंबाजी मंदिर में करेंगे पूजा

नई दिल्ली,12 नवंबर (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे और हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण तथा शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे में बेंगलुरु मेट्रो की नई पिंक लाइन, अक्षय ऊर्जा परियोजनाएँ, एलपीजी भंडारण सुविधा और आधुनिक रेल संपर्क जैसी योजनाएँ प्रमुख रहेंगी। इसके अलावा वह मैसूर में शहरी वन परियोजना के तहत पौधारोपण करेंगे और देश के पहले एलईडी डोम तारामंडल का उद्घाटन भी करेंगे। दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थित प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर पहुँचकर पूजा-अर्चना करेंगे।

प्रधानमंत्री 13 नवंबर को सुबह करीब 10:45 बजे बेंगलुरु स्थित प्रशांति कुटीरम पहुँचेंगे। यहाँ वह स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान यानी एस-व्यासा के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। प्रशांति कुटीरम इस संस्थान का मुख्य परिसर है। इसकी स्थापना वर्ष 1975 में आधुनिक विज्ञान और भारतीय आध्यात्मिक ज्ञान को एक साथ जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी।

एस-व्यासा को वर्ष 2002 में डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिला था। यह संस्थान योग शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण के क्षेत्र में काम करता है। स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री गोल्डन जुबली एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में संस्थान के नए ऑफ-कैंपस केंद्र का शुभारंभ भी करेंगे।

यह समारोह 13 से 23 नवंबर 2026 तक ‘विकसित भारत 2047’ की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ विचारक और पूर्व सरकार्यवाह एच.वी. शेषाद्रि की जन्मशती भी मनाई जाएगी। उन्होंने एस-व्यासा और प्रशांति कुटीरम के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

प्रशांति कुटीरम के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12:45 बजे तवारेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:15 बजे वह बेंगलुरु में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन,शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

इस दौरान प्रधानमंत्री कालेना अग्रहार से तवारेकेरे तक बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे। लगभग 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह मेट्रो लाइन शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और कई इलाकों के बीच यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है। बेंगलुरु जैसे तेजी से बढ़ते शहर में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार सड़क यातायात का दबाव घटाने में भी मददगार हो सकता है।

प्रधानमंत्री कर्नाटक के दावणगेरे, चित्रदुर्ग और बल्लारी क्षेत्रों में नई अक्षय ऊर्जा ट्रांसमिशन परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं पर 4,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। इनका उद्देश्य अक्षय ऊर्जा से तैयार बिजली के प्रसारण को बेहतर बनाना और बिजली आपूर्ति के बुनियादी ढाँचे को मजबूत करना है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसे भारत की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधाओं में शामिल बताया गया है। इसकी भंडारण क्षमता 80,000 मीट्रिक टन है। परियोजना के साथ 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी तैयार की गई है। इससे गैस के भंडारण और परिवहन की व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री बेंगलुरु में एमआरपीएल के देवनगोंठी मार्केटिंग टर्मिनल का भी लोकार्पण करेंगे। लगभग 330 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से पेट्रोलियम उत्पादों के विपणन और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

रेल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएँगे। यह आधुनिक ट्रेन बेंगलुरु,तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच तेज रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी। इसके शुरू होने से इन क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

यह ट्रेन हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुरुदेश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आवागमन को भी प्रोत्साहन मिल सकता है। खासकर तटीय कर्नाटक और गोवा के पर्यटन स्थलों तक पहुँचने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा उपयोगी साबित हो सकती है।

बेंगलुरु में कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मैसूर जाएँगे। दोपहर करीब 3:30 बजे वह ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत भारत वन में पौधारोपण करेंगे। लगभग 17.63 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही इस परियोजना के तहत दो लाख से अधिक देशी पेड़ लगाए जा रहे हैं। यह शहरी वन जापानी मियावाकी तकनीक पर आधारित है।

इस परियोजना का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ भूजल संरक्षण, जैव विविधता को प्रोत्साहित करना और प्रदूषण कम करना है। तेजी से शहरीकरण के कारण शहरों में हरियाली और प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में इस तरह की पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इसके बाद शाम करीब 4 बजे प्रधानमंत्री कॉसमॉस-मैसूर प्लेनेटेरियम का उद्घाटन करेंगे। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान द्वारा निर्मित यह देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल है। इस अत्याधुनिक केंद्र में 15 मीटर का झुका हुआ गुंबद लगाया गया है। इसमें करीब 6,150 एलईडी पैनल और 4.2 करोड़ एलईडी लाइटें हैं, जिनकी मदद से दर्शकों को खगोलीय घटनाओं का वास्तविक समय जैसा दृश्य अनुभव मिलेगा।

यहाँ हिंदी, अंग्रेजी और कन्नड़ भाषाओं में खगोल विज्ञान से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएँगे। इसके अलावा संग्रहालय, प्रदर्शनी हॉल, प्रशिक्षण केंद्र और व्याख्यान कक्ष जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध होंगी। इस केंद्र का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों में खगोल विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना तथा शिक्षा, अनुसंधान और वैज्ञानिक जागरूकता को प्रोत्साहित करना है।

प्रधानमंत्री के दौरे का दूसरा दिन गुजरात के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। 14 नवंबर को वह बनासकांठा जिले में स्थित प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर पहुँचेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। अंबाजी मंदिर देश के 51 प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। यह मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और गुजरात के प्रमुख धार्मिक स्थलों में इसकी विशेष पहचान है।

प्रधानमंत्री का यह दो दिवसीय दौरा बुनियादी ढाँचे,परिवहन, ऊर्जा, पर्यावरण, विज्ञान और धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यक्रमों का व्यापक संगम होगा। कर्नाटक में जहाँ कई बड़ी विकास परियोजनाओं के जरिए शहरी सुविधाओं और संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा,वहीं मैसूर में पर्यावरण संरक्षण और वैज्ञानिक शिक्षा को बढ़ावा देने वाली पहलों की शुरुआत होगी। इसके बाद गुजरात में अंबाजी मंदिर के दर्शन के साथ प्रधानमंत्री का दौरा संपन्न होगा।