एलपीजी गैस सिलेंडर

1 सितंबर से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 51.50 रुपये सस्ता,घरेलू सिलेंडर की कीमत बरकरार

नई दिल्ली,1 सितंबर (युआईटीवी)- देश की जनता के लिए राहत की खबर सामने आई है। तेल विपणन कंपनियों ने वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 51.50 रुपये की कटौती की है। नई दरें 1 सितंबर 2025 से पूरे देश में लागू होंगी। इसके बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की खुदरा बिक्री कीमत घटकर 1580 रुपये हो जाएगी।

कंपनियों द्वारा की गई मासिक समीक्षा के बाद यह संशोधन किया गया है। हालाँकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस फैसले से खासतौर पर रेस्टोरेंट,होटल और ढाबा मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है,क्योंकि ये व्यवसाय बड़े पैमाने पर कमर्शियल गैस सिलेंडरों का उपयोग करते हैं।

तेल कंपनियों ने इससे पहले 1 अगस्त को 33.50 रुपये और 1 जुलाई को 58.50 रुपये की कटौती की थी। जून में भी दाम घटाकर 1723.50 रुपये कर दिए गए थे। अप्रैल में इसकी कीमत 1762 रुपये थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में कुल एलपीजी खपत का करीब 90 प्रतिशत घरेलू उपयोग के लिए होता है,जबकि शेष 10 प्रतिशत वाणिज्यिक,औद्योगिक और अन्य क्षेत्रों में इस्तेमाल किया जाता है। पिछले एक दशक में घरेलू एलपीजी कनेक्शन दोगुने होकर अप्रैल 2025 तक 33 करोड़ तक पहुँच चुके हैं।