पल्लेकेले, 5 सितंबर (युआईटीवी)- एशिया कप 2023 में खेले गए भारत और नेपाल के बीच मैच में भारत ने नेपाल को डीएलएस मेथड से 10 विकेट से हरा दिया और सुपर 4 में अपनी जगह बना ली।मैच में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और नेपाल को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

नेपाल की ओर से ओपनिंग करने आए उनके ओपनर कुशल भुर्टेल और आसिफ शेख दोनों ने नेपाल की पारी को बेहद दमदार शुरुआत दी। हालांकि पहले 5 ओवर में भारत को 3 मौके मिले, जिसे भारत ने कैच छोड़ कर गंवा दिया। शमी की गेंद पर अय्यर ने स्लिप में कैच छोड़ा, जिसके बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद पर विराट कोहली ने कैच छोड़ा। मामला यहीं नहीं रुका,चौथे ओवर में ईशान किसान ने भी आसान कैच छोड़ दिया।
पावर प्ले के आखिरी ओवर में ठाकुर ने कुशल भुर्टेल को आउट कर अपनी टीम के विकेट का खाता खोला।
इसके बाद मध्यांतर के बाद नेपाल लगातार अपने विकेट खोता रहा और उसकी पारी 48 ओवर में 230 रन पर समाप्त हो गई। नेपाल के लिए आसिफ शेख ने 58 (97) और सोमपाल कामी ने 48 (56) रन बनाए, जबकि भारत के लिए रवींद्र जड़ेजा और सिराज ने 3-3 विकेट लिए।

भारत की दूसरी पारी की शुरुआत करने आए रोहित शर्मा और शुभमन गिल गेंद को बहुत अच्छे से पुश कर रहे थे तभी 2 ओवर के बाद बारिश आ गई और खेल रोक दिया गया। काफी देर के बाद बारिश रुकी लेकिन तब तक मैच में डीएलएस मेथड लागू हो चुका था और संख्या और रनों की गणना हो चुकी थी। भारत को जीत के लिए 23 ओवर में 145 रन का लक्ष्य दिया गया।

खेल शुरू होने के कुछ ओवर बाद संदीप लामिछाने की गेंद पर रोहित शर्मा का कैच छूट गया, जिसके बाद रोहित शर्मा ने इस मौके का फायदा उठाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। रोहित और शुभमन ने बिना कोई विकेट गिराए मैच जीत लिया। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने 74(59) और शुभमन गिल ने 67(62) रन बनाए। भारत की ओर से रोहित शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस जीत के साथ भारत ने सुपर 4 में अपनी जगह पक्की कर ली। भारत के ग्रुप में भारत के अलावा पाकिस्तान ने भी क्वालिफाई चुका है । अब भारत 10 सितम्बर को पाकिस्तान के खिलाफ अगला मैच खेलेगा।
