गाजा/जेरूसलम, 21 अक्टूबर (युआईटीवी)- फिलिस्तीनी आतंकवादी ग्रुप हमास द्वारा इजरायल के कई लोगों को 7 अक्टूबर को बंधक बना लिया था। आज हमास ने कहा कि जिन 200 लोगों को बंधक बनाया गया था,उनमें से दो अमेरिकी बंधकों को रिहा कर दिया है। इनके रिहा करने के कारणों को बताते हुए कहा कि कतर के प्रयासों के बाद मानवीय कारणों से हम इन्हें रिहा कर रहे हैं।
हमास की सैन्य शाखा अल-कसम ब्रिगेड ने कहा कि दो अमेरिकी बंधकों को रिहा कर हम साबित करना चाहते हैं कि अमेरिका द्वारा लगाए गए आरोप “झूठे और बेबुनियाद ” हैं।
दो अमेरिकी बंधकों की रिहाई की पुष्टि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय के माध्यम से की गई है। एक बयान के माध्यम से बताया कि “हमास आतंकवादी संगठन के कब्जे से दो बंधकों को आज शाम रिहा कराया गया।”
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय के द्वारा दिए गए बयान में कहा गया कि जिन दो बंधकों को रिहा किया गया है,उनका सीमा पर गाजा के साथ स्वागत किया गया और वे दोनों वे एक सैन्य अड्डे के रास्ते में हैं। जहाँ वे अपने परिवारों से मिलेंगे।
दोनों रिहा किए गए बंधकों के बारे में जानकारी मिली है कि वे दोनों अमेरिकी नागरिक मां-बेटी हैं।
इस संबंध में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दोनों रिहा किए गए बंधकों की खबर की पुष्टि की है। साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इज़राइल तथा कतर को उनके द्वारा किए गए सहायता के लिए धन्यवाद दिया।
