नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (युआईटीवी)- राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 83 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। झालरापाटन से वसुंधरा राजे सिंधिया को पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया झालरापाटन विधान सभा से पूर्व में लगातार चार बार चुनाव जीत चुकी है।
झालरापाटन विधान सभा से वर्ष 2003, 2008, 2013 और 2018 में भाजपा की वर्तमान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया चुनाव जीत चुकी हैं।झालरापाटन विधान सभा क्षेत्र उनका गढ़ माना जाता है।

नागौर विधान सभा सीट से कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाली ज्योति मिर्धा को पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है। नाथद्वारा से भाजपा में शामिल होने वाले विश्वराज सिंह मेवाड़ को उम्मीदवार घोषित किया है। विश्वराज सिंह मेवाड़ भाजपा में हाल ही में 17 अक्टूबर को भाजपा में शामिल हुए हैं। विश्वराज सिंह मेवाड़ महाराणा प्रताप के वंशज हैं।
भाजपा ने जिन 83 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की हैं,उनमें से राजेंद्र राठौड़ को तारानगर,सिद्धि कुमारी को बीकानेर पूर्व,सतीश पुनिया को अम्बेर,संतोष अहलावत को सुरजगढ़,कालीचरण सराफ को मालवीय नगर, नरपत सिंह राजवी को चित्तौड़गढ़,हेम सिंह भड़ाना को थानागाजी, गोविंद रानीपुरिया को मनोहर थाना और दीप्ति महेश्वरी को राजसमंद से उम्मीदवार घोषित किया है।
राजस्थान के लिए भाजपा ने 9 अक्टूबर को 41 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। आज पार्टी ने 83 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। दोनों सूची के उम्मीदवारों को मिला दिया जाए तो कुल 124 उम्मीदवारों की घोषणा राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कर दिया है।
