मुकेश अंबानी

मुकेश अंबानी से 20 करोड़ की रंगदारी माँगी गई और जान से मारने की धमकी भी दी

मुंबई,28 अक्टूबर (युआईटीवी)- देश के जानेमाने उद्योगपति रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी से 20 करोड़ की रंगदारी माँगी गई है। एक ईमेल के माध्यम से उनसे यह रंगदारी की माँग की गई है और रकम न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है।

उद्योगपति मुकेश अंबानी को एंटीलिया कांड के बाद अब फिर से गोली मारने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद मुंबई में मुकेश अंबानी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एक सूत्र ने इस मामले में टिप्पणी करने से इंकार करते हुए इस खबर की पुष्टि की है और कहा कि मामले की जाँच पुलिस कर रही है।

यह धमकी शादाब खान नाम के एक व्यक्ति ने 27 अक्टूबर को भेजी थी। इस ईमेल में कहा गया है ,”हमारे पास भारत के सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज हैं। यदि तुम हमें 20 करोड़ रुपये नहीं दोगे तो हम तुम्हें मार डालेंगे।”

पुलिस ने कहा कि उद्योगपति अंबानी के मुंबई आवास,एंटीलिया में सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जान से मारने की धमकी का पता चलने के बाद एक शिकायत मुंबई की गामदेवी पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। यह शिकायत आईपीसी की धारा 387 और 506 (2) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज कर मामले की जाँच भी शुरू कर दी गई है।

इससे पूर्व भी उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। पिछले साल भी मुकेश अंबानी को एंटीलिया से कुछ ही दूरी पर एक संदिग्ध कार मिली थी। जिसमें 20 जिलेटिन छड़े बरामद हुई थी। हालाँकि इसे एकत्रित नहीं किया गया था। एंटीलिया के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार में एक चिट्ठी भी मिली थी। जिसमें अंबानी परिवार को उड़ाने की धमकी दी गई थी। जो थैला संदिग्ध कार से बरामद हुआ था,उस पर मुंबई इंडियंस लिखा हुआ था। जिसकी मालिक रिलायंस है। थैला से मिली उस चिट्ठी में लिखा था,कि तुम और तुम्हारा पूरा परिवार संभल जाना। तुम्हें उड़ाने का पूरा इंतजाम हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मुकेश अंबानी को जेड प्लस सुरक्षा और उनकी पत्नी नीता अंबानी को वाई कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। रिलायंस इंडस्ट्री के अध्यक्ष और जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी को इससे पहले साल 2013 में भी हिजबुल मुजाहिदीन से धमकी मिली थी। जिसके बाद उन्हें तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार की ओर जेड प्लस सुरक्षा दी गई थी। मुकेश अंबानी के बच्चों को भी महाराष्ट्र सरकार की ओर से सुरक्षा मिली हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *