कैनकन (मेक्सिको), 3 नवंबर (युआईटीवी)- विंबलडन फाइनल के रीमैच में नंबर 7 ओन्स जाबौर ने राउंड-रॉबिन खेल में नंबर 6 मार्केटा वोंद्रोसोवा को 6-4, 6-3 से हराकर विंबलडन हार का बदला ले लिया है।
सीधे सेटों की इस जीत से जाबौर चेतुमल ग्रुप में 1-1 की बराबरी पर पहुँच गई हैं,वहीं विंबलडन चैंपियन वोंद्रोसोवा इस हार से 0-2 से पीछे हो गई हैं। एक ओर जहाँ ओन्स जाबौर ने मार्केटा वोंद्रोसोवा को हराया,वहीं दूसरी तरफ नंबर 3 कोको गॉफ को नंबर 2 इगा स्विएटेक ने 6-0, 7-5 से पराजित किया। इस सीधे सेटों की जीत के साथ समूह खेल के अंतिम दिन तक समूह संतुलन में रहेगा।
स्वीयाटेक 2-0 के रिकॉर्ड के साथ ग्रुप जीतने के साथ वह शीर्ष स्थान पर काबिज है। जिससे सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए स्वीयाटेक प्रबल दावेदार है।
समूह में 1-1 के साथ गॉफ़ और जाबौर दूसरे स्थान पर हैं और 0-2 के साथ वोंद्रोसोवा सबसे नीचले पायदान पर हैं।
शुक्रवार को स्वीयाटेक और जाबौर का अगला मुकाबला होगा। 2022 यूएस ओपन फाइनल स्वीयाटेक ने 6-2, 7-6(5) से जीता था। उसके बाद से दोनों ने ही एक भी पूरा मैच नहीं खेला है।
स्वीयाटेक के खिलाफ खेले जाने वाले अपने अगले मुकाबले के बारे में जाबौर ने कहा कि, ” इगा स्विएटेक एक बहुत ही चतुर खिलाड़ी है और उन्हें विपरीत परिस्थितियों में सामंजस्य बिठाना आता है। मैं उनके खिलाफ मैच में लुत्फ़ उठाने की कोशिश करुँगी। मैं स्वतंत्र रूप से खेलने का प्रयत्न करुँगी। कोशिश करुँगी कि अपने अंदर का गुस्सा दूर कर सकूँ और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकूँ। मुझे यह पता है कि यह मैच आसान नहीं होने वाला है,लेकिन मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का प्रयास करुँगी।”
