मुंबई,14 नवंबर (युआईटीवी)- भाई दूज की परंपराओं को अभिनेत्री विदिशा श्रीवास्तव ने साझा किया है। अभिनेत्री विदिशा श्रीवास्तव एंड टीवी पर प्रसारित होने वाले सिटकॉम भाबीजी घर पर हैं में अनीता भाभी का किरदार निभाते हुए नजर आई हैं। उन्होंने भाई दूज को लेकर अपने विचार साझा किए हैं और उन उपहारों को याद किया है,जो इस अवसर पर मिलते हैं।
अभिनेत्री ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, “भाई दूज के बारे में जब मैं सोचती हूँ,तो मेरे मुँह में पसंदीदा मिठाइयों का स्वाद आ जाता है और मन में उपहारों के आदान-प्रदान की बात आ जाती है। यह उत्सव मेरे परिवार में बहुत महत्वपूर्ण जगह रखता है। हमारा पूरा परिवार इसे मनाने के लिए सम्मिलित होता है। एक छत के नीचे हम सभी एकत्रित होते हैं,जिसमें मेरे चचेरे भाई-बहन भी शामिल होते हैं।
उन्होंने अपनी बातों को साझा करते हुए कहा कि, ” इस अवसर पर भाइयों की आरती की जाती है। हम आरती करने के पूर्व अपने भाइयों को क्रिस्टल शुगर, पान के पत्ते, काले चने, सुपारी और फल देते हैं। उसके बाद आरती करते हैं और आरती करने के बाद उनके माथे पर तिलक लगाते हैं। इन सब के बाद हम बहनों को हमारे भाई विशेष भाई दूज उपहार देते हैं,फिर हम अपने बड़ों से आशीर्वाद माँगते हैं।
अभिनेत्री विदिशा श्रीवास्तव ने आगे कहा कि, ” भाई दूज के अवसर पर मेरे भाई ने जो उपहार मुझे दिया था,उनमें से सबसे अच्छा जो मुझे लगा था,वह उनके द्वारा दिया गया घड़ी था। जिसे मैं आज भी पहनती हूँ। मैं भी उन्हें उपहार के तौर पर परफ्यूम देती हूँ। जिसका मेरे भाई संग्रह करते हैं। इन सब अनुष्ठानों के बाद हम सभी एक साथ बाहर अपने पसंदीदा व्यंजनों का आनंद लेने के लिए जाते हैं। भाई दूज का त्योहार मेरे लिए बहुत ख़ास है,मैं इस दिन के लिए काफी उत्साहित रहती हूँ और अपनी उत्साह को काबू रख पाना मेरे लिए कठिन है। ”
सभी को अभिनेत्री विदिशा श्रीवास्तव ने भाई दूज की ढेर सारी शुभकामनाएँ दी हैं।
