देहरादून, 20 नवंबर (युआईटीवी)- उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें घबराहट और सीने में भारीपन के शिकायत के पश्चात देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अभी उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। अस्पताल में उनसे मुलाकात करने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत कई कांग्रेस नेता पहुँचे हैं।
एक खबर के अनुसार,आज सुबह पूर्व सीएम हरीश रावत रामनगर हल्द्वानी के लिए निकले थे,तभी उनकी तबीयत लच्छीवाला टोल प्लाजा के पास ख़राब होने लगी। उन्हें पेट में दर्द, उल्टी,घबराहट और सीने में भारीपन महसूस होने लगी, जिसके बाद उनके साथ जितने भी लोग मौजूद लोग थे,उन्हें तुरंत देहरादून के मैक्स अस्पताल लेकर गए। जहाँ डॉक्टरों ने तत्काल उनका चेकअप करते हुए,कुछ जरूरी टेस्ट कराने की सलाह दी और उन्हें निरीक्षण के तहत अस्पताल में भर्ती कर लिया।
जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हरीश रावत के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली,वे उनसे मुलाकात करने के लिए अस्पताल पहुँचने लगे। अस्पताल में हरीश रावत का हालचाल जानने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा भी पहुँचे।
बताया जा रहा है कि फिलहाल उनकी तबीयत ठीक है। शुरूआती चेकअप के पश्चात डॉक्टरों ने कहा कि अभी उनका स्वास्थ्य ठीक है। घबराने की कोई बात नहीं है। अस्पताल से उन्हें शाम तक छुट्टी दी जा सकती है।
इससे एक महीने पूर्व हरीश रावत एक सड़क दुर्घटना का भी शिकार हो गए थे। डिवाइडर से उनकी कार टकरा गई थी। इस सड़क दुर्घटना में वो बाल-बाल बचे थे। सड़क दुर्घटना के समय वे कार की आगे की सीट पर बैठे थे। जिसके कारण उन्हें अंदरुनी चोटें आईं थी और उन्हें जौली ग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिनों तक अस्पताल में उनका इलाज चला था,उसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
