मुंबई,21 नवंबर (युआईटीवी)- सूर्यकुमार यादव को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए कप्तान चुना गया है। आईसीसी पुरुष एकदिवसीय विश्व कप खेलने वाले अधिकांश शीर्ष खिलाड़ियों को चयनकर्ताओं ने आराम देने का निर्णय लिया है। इसलिए विशाखापत्तनम में 23 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली पाँच मैचों की टी20 अंतर्राष्ट्रीय श्रृंखला में सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम की नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विश्व कप फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के मध्य खेला गया,जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर खिताब पर कब्ज़ा जमाया। इस हार के पश्चात राष्ट्रीय चयन समिति की नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक बैठक हुई। इस बैठक में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली पाँच मैचों की टी20 अंतर्राष्ट्रीय श्रृंखला के लिए खिलाड़ियों के चयन पर निर्णय लेते हुए सूर्यकुमार यादव, इशान किशन और प्रसिद्ध कृष्णा को छोड़कर बाकी सभी शीर्ष खिलाड़ियों को आराम देने का फैसला लिया गया। जब ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या घायल हो गए थे,तो उनके बदले प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए सोमवार को चयनकर्ताओं ने टीम की घोषणा की। साथ ही टीम के कोच की भी घोषणा करने की बात सामने आ रही है। अभी टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ हैं और विश्व कप के पश्चात उनका कार्यकाल ख़त्म होने वाला है। टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने तीन महीने बाद छुट्टी लेने का फैसला किया है। इसलिए टीम के कोच के रूप में भारत के पूर्व बल्लेबाज और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रमुख वी.वी.एस. लक्ष्मण को घोषित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

सोमवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से एक विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि पहले तीन मैचों के लिए रुतुराज गायकवाड़ उप-कप्तान रहेंगे और अंतिम के दो टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों जो रायपुर और बेंगलुरु में खेले जाएँगे,उसमें उप-कप्तान की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर निभाएँगे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 23 नवंबर से 3 दिसंबर तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेला जाएगा। जिसमें पहला मैच 23 नवंबर को विशाखापत्तनम में,दूसरा मैच 26 नवंबर को तिरुवनंतपुरम में,तीसरा मैच 28 नवंबर को गुवाहाटी में,चौथा मैच 1 दिसंबर को रायपुर में और पाँचवा तथा आखिरी मैच 3 दिसंबर को बेंगलुरु में खेले जाएँगे।
ऑस्ट्रेलिया टी20अंतर्राष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में यशस्वी जयसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह और रवि बिश्नोई को वापस लाया गया है।
भारत की टीम : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, इशान किशन, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा,जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल,वाशिंगटन सुंदर,अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे,प्रसिद्ध कृष्णा, रवि बिश्नोई, आवेश खान, मुकेश कुमार।
