मुंबई, 21 नवंबर (युआईटीवी)- एयर इंडिया की मुंबई-न्यूयार्क फ्लाइट को आज सुबह तकनीकी खराबी के कारण ईरान हवाई क्षेत्र से वापस लौटना पड़ा। जिसकी जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने दी। सुबह लगभग 2.20 बजे उड़ान एआई-119 ने न्यूयॉर्क के जेएफके हवाईअड्डे के लिए उड़ान भरी। लेकिन कुछ घंटों के बाद तकनीकी खराबी के कारण वापस लौट आई।
इस बारे में सूत्रों ने बताया कि विमान में कुछ तकनीकी समस्याएँ थीं। यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हित को देखते हुए इस उड़ान को वापस मुंबई लाने का फैसला लिया गया। ताकि एहतियाती जाँच किया जा सके।
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर आज सुबह सुरक्षित रूप से विमान उतरा। जहाँ से विमान को तकनीकी जाँच के लिए भेजा गया। जबकि सभी यात्रियों की देखभाल की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी एयर इंडिया के अधिकारियों ने संभाली।
सूत्रों ने कहा कि एक वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है,जिससे सभी फँसे हुए यात्रियों को शीघ्रता से बाहर निकाला जा सके। साथ ही इन यात्रियों को होटल आवास, भोजन, उड़ान विकल्प, कैब आदि भी दिया जा रहा है।
