गाजा,25 नवंबर (युआईटीवी)- हमास-इज़राइल के बीच 4 दिवसीय युद्ध विराम शुक्रवार से लागू कर दिया गया है। इजराइल और हमास के बीच 7 अक्टूबर से तबाही मचाने वाला युद्ध जारी है। इस युद्ध के दौरान गाजा में चार दिवसीय मानवीय विराम समझौता लागू हो गया। यह युद्धविराम अस्थायी है। बताया जा रहा कि कम से कम 50 बंधकों को इस युद्धविराम की अवधि में रिहा किया जाएगा।
स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजे से युद्ध विराम शुरू हुआ।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक,बुधवार को एक समझौता हुआ। यह समझौता अमेरिका,कतर और मिस्र की मध्यस्थता में हुई। इसके तहत पहले चरण में हमास ने कहा है कि वह करीब 13 बंधकों को शुक्रवार शाम चार बजे रिहा कर देगा।
हमास गाजा पर 2007 से शासन कर रहा है। बंधकों के रिहाई के बारे में में हमास ने कहा कि वह बंधकों को मिस्र को सौंप देगा और इसके बदले में इज़राइली जेलों से 150 फ़िलिस्तीनियों को इज़राइल भी रिहा करेगा। इन 150 फ़िलिस्तीनियों में महिलाएँ और बच्चे भी शामिल है।
गाजा में चार दिवसीय मानवीय विराम समझौता के तहत गाजा पट्टी में इजराइल अपने सभी सैन्य अभियानों को रोक देगा और इस दौरान कम से कम 200 ट्रकों को गाजा पट्टी में जाने की अनुमति दी जाएगी। इन ट्रकों में चार ईंधन ट्रक,मानवीय सहायता और चिकित्सा आपूर्ति से भरे ट्रक शामिल होंगे।
काहिरा में फिलिस्तीनी दूतावास के मुताबिक,युद्धविराम से रफा क्रॉसिंग जो गाजा और मिस्र के मध्य है,उसे खोलने में भी सुविधा होगी। देश के समन्वयक गैल हिर्श ने बंधकों और लापता व्यक्तियों के लिए एक बयान जारी कर कहा कि जिन बंधकों के रिहा किया जाना है,उनके परिवारों को इज़राइल ने सूचित कर दिया है।
गैल हिर्श ने कहा कि जिनके प्रियजन सूची में शामिल हैं,उन सभी परिवारों को संपर्क अधिकारियों ने सूचित कर दिया है, साथ ही बंधकों के सभी परिवारों को भी सूचित कर दिया है।
300 वैसे लोगों के नामों की एक सूची इज़राइल ने एक्सचेंज में प्रकाशित की है,जिन्हें रिहा किया जा रहा है। इन सूची में 16 से 18 वर्ष की आयु के किशोर वर्ग की संख्या अधिक है। इनमें कुछ 14 वर्ष के युवा भी शामिल हैं।
एक संवाददाता सम्मेलन में कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने कहा कि पहले बंधकों की रिहाई की उम्मीद में एक ही परिवार के सदस्य शामिल होंगे।
अल-अंसारी के हवाले से सीएनएन ने कहा कि, ” उनकी संख्या 13 होगी,एक ही परिवार के सभी बंधकों,बच्चे और सभी महिलाओं को एक ही बैच में रखा जाएगा।”
इज़रायली सेना ने हमास को चेतावनी देते हुए कहा कि युद्धविराम लागू करने हेतु इज़रायली सेना तैयार है,लेकिन हमास की ओर से यदि थोड़ा सा भी उल्लंघन हुआ, तो गंभीर प्रतिक्रिया होगी।
बंधकों के बारे में इज़रायली अधिकारियों ने बताया कि 235 लोगों को गाजा में बंदी बनाया गया है। कथित तौर पर उनमें से लगभग 40 बच्चे हैं और इन बंधकों में इज़रायली तथा विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
