टोक्यो,6 जनवरी (युआईटीवी)- जापान में भूकंप से मरने वालों की संख्या 100 के करीब पहुँच गई है,जबकि 211 अन्य लोग लापता हैं। अधिकारियों ने आशंका जताते हुए कहा है कि और अधिक लोगों के हताहत होने की संभावना है। इसलिए बचाव और खोज के प्रयास तीव्र कर दिए गए हैं।
स्थानीय मीडिया और प्रीफेक्चुरल अधिकारियों के हवाले से समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि नए साल के दिन जापान के इशिकावा प्रांत में आए सिलसिलेवार शक्तिशाली भूकंपों से वाजिमा शहर सबसे अधिक प्रभावित हुआ था और 59 लोगों की मौत की पुष्टि आज (शनिवार ) तक हुई है। लगभग 100 लोगों के ढही हुई इमारतों के मलबे में दबे होने की खबरें हैं।
आफ्टरशॉक इस क्षेत्र को अभी भी झटका दे रहे हैं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने बताया कि,इशकावा के नोटो प्रायद्वीप में 10 किमी की गहराई पर शनिवार को सुबह 5:25 बजे 5.4 तीव्रता का भूकंप आया।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने संभावना जताई है कि शनिवार को क्षेत्र में बारिश हो सकती है। इसलिए जेएमए ने संभावित भूस्खलन के प्रति स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी।
राष्ट्रीय समाचार एजेंसी क्योडो ने भूकंप में हुए नुकसान पर कहा कि इशिकावा में बुनियादी ढाँचे को गंभीर नुकसान हुआ है। 14 शहरों और कस्बों में लगभग 66,000 घरों को पानी नहीं मिला है,लगभग 24,000 घरों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा है।
सोमवार को मध्य जापान और आसपास के इलाकों में कई शक्तिशाली भूकंप आए, जिसमें रिक्टर पैमाने पर 7.6 तीव्रता का सबसे शक्तिशाली भूकंप भी शामिल है।
