नई दिल्ली,23 जनवरी (युआईटीवी)- रिंकू सिंह इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच खेलेंगे। मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बड़ी घोषणा की है। सेलेक्शन कमेटी ने भारत ‘ए’ टीम में बाएँ हाथ के तूफानी बल्लेबाज रिंकू सिंह को शामिल किया है। अहमदाबाद में 24 जनवरी से इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ‘ए’ टीम चार दिवसीय टेस्ट मैच खेलेगी।
छोटे प्रारूप में रिंकू सिंह बेहतरीन प्रदर्शन करने के कारण इन दिनों सुर्खियों में बने हैं। उन्होंने 44 मैच में 57.57 के औसत से एक शानदार प्रथम श्रेणी का रिकॉर्ड बनाया है। रिंकू सिंह को यह सुनहरा अवसर मिला है,जब वह टेस्ट टीम में अपनी जगह मजबूत कर सकें। छोटे प्रारूप की तरह ही यदि वह टेस्ट मैच में भी बेहतर प्रदर्शन करने में सफल हो जाते हैं,तो उन्हें सीनियर टेस्ट टीम में भी शामिल किया जा सकता है। इस सीजन के रणजी ट्रॉफी में उन्होंने कुछ बेहतरीन पारियाँ खेली हैं, जिसके परिणाम स्वरूप उन्हें इंडिया ए में अवसर दिया गया है। हाल ही में केरल के खिलाफ मध्यक्रम बल्लेबाज रिंकू सिंह ने 92 रन की शानदार पारी खेली थी।
🚨 NEWS 🚨
Rinku Singh added to India ‘A’ squad for 2nd four-day match against England Lions.
Details 🔽https://t.co/rzPpDxD0OB
— BCCI (@BCCI) January 23, 2024
इंग्लैंड लायंस के खिलाफ शनिवार को शुरुआती मैच खेला गया,जो ड्रॉ पर समाप्त हुआ। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 24 जनवरी से दूसरा चार दिवसीय टेस्ट मैच शुरू होगा।
25 जनवरी से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले दो मुकाबलों से निजी कारणों का हवाला देते हुए विराट कोहली बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि बीसीसीआई चेतेश्वर पुजारा को विराट कोहली के रिप्लेसमेंट के तौर पर मौका दे सकता है। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा अच्छी फॉर्म में हैं। रणजी ट्रॉफी 2024 में चेतेश्वर पुजारा ने सौराष्ट्र के लिए तीन मैचों में पाँच पारियाँ खेली हैं और अपने हर पारी में उन्होंने 40 से अधिक रन बनाए हैं। पुजारा एक मैच में दोहरा शतक भी लगा चुके हैं।
दूसरे मैच के लिए भारत ‘ए’ टीम: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), रजत पाटीदार, साई सुदर्शन, सरफराज खान, वाशिंगटन सुंदर, तिलक वर्मा, तुषार देशपांडे,कुमार कुशाग्र,अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंहसौरभ कुमार, विदवथ कावेरप्पा,यश दयाल, उपेंद्र यादव, आकाश दीप।
