पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

व्लादिमीर पुतिन को प्रधानमंत्री मोदी ने फोन पर जीत की बधाई दी,रूस-यूक्रेन वार पर भी चर्चा हुई

नई दिल्ली,21 मार्च (युआईटीवी)- व्लादिमीर पुतिन के पुनः रूस के राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उन्हें बधाई दी और अंतरराष्ट्रीय एजेंडे सहित कई मुद्दों पर पीएम मोदी ने पुतिन के साथ चर्चा भी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति से रूस-यूक्रेन वार पर चर्चा की और यूक्रेन के आसपास की स्थिति के संदर्भ में भी दोनों देशों के नेताओं के मध्य बातचीत हुई।

पीएम मोदी और पुतिन ने आपस में बातचीत कर भारत-रूस के मध्य की रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत तथा विस्तारित करने की दिशा में सकारात्मक पहल करने के प्रयास पर सहमति जताई है। रूस-यूक्रेन संघर्ष में बातचीत का रास्ता अपनाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोर दिया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की जो स्थिति रूस-यूक्रेन संघर्ष में बातचीत और कूटनीति के पक्ष में है,उसे भी दोहराया।

रूस के राष्ट्रपति के रूप में फिर से चुने जाने पर व्लादिमीर पुतिन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए रूस के लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त की। द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न मुद्दों में प्रगति हेतु राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी ने आपस में समीक्षा की। साथ ही दोनों देशों के नेताओं ने आपस में वैसे सभी मुद्दों पर अपने-अपने विचारों का आदान-प्रदान किया जो दोनों देशों के आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों से जुड़े हुए हैं।

राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी ने एक-दूसरे से लगातार संपर्क में बने रहने की भी बात कही। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा कि, राष्ट्रपति पुतिन से बातचीत की और पुनः रूसी संघ के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर उन्हें बधाई दी। भारत-रूस के मध्य के रणनीतिक साझेदारी को आने वाले वर्षों में और अधिक मजबूत,गहरा तथा विस्तारित करने के लिए हम एक साथ मिलकर काम करने पर सहमत हुए।

इस बीच,रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत में आगामी लोकसभा चुनावों के सफल आयोजन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएँ दीं।

गौरतलब है कि लगभग 88 प्रतिशत वोट प्राप्त कर व्लादिमीर पुतिन फिर से रूस के राष्ट्रपति चुनाव जीते हैं। क्रेमलिन ने इस बात की जानकारी दी है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच यूक्रेन को लेकर फोन पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *