पीएम मोदी और भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक

प्रधानमंत्री मोदी का दो दिवसीय भूटान यात्रा खराब मौसम के कारण स्थगित

नई दिल्ली,21 मार्च (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21-22 मार्च को दो दिवसीय भूटान की राजकीय यात्रा पर जाने वाले थे,लेकिन पारो एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण इस दौरे को स्थगित कर दिया गया है। जल्द ही दौरे की नई तारीख की घोषणा की जाएगी। जिसकी जानकारी विदेश मंत्रालय (एमईए) ने दी है। भूटान आने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को उनके भूटानी समकक्ष शेरिंग टोबगे ने आमंत्रित किया था। पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री टोबगे भारत की पाँच दिवसीय यात्रा पर थे।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 21-22 मार्च 2024 की भूटान की राजकीय यात्रा को पारो हवाईअड्डे पर चल रही खराब मौसम की स्थिति के कारण स्थगित करने का पारस्परिक निर्णय लिया गया है।”

21-22 मार्च को पीएम मोदी भूटान की राजकीय यात्रा करने वाले थे। अपने इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और उनके पिता जिग्मे सिंग्ये वांगचुक (भूटान के पूर्व नरेश) से मुलाकात करने वाले थे और भूटान के अपने समकक्ष शेरिंग टोबगे के साथ भी उन्हें बातचीत करनी थी।

इसमें कहा गया है कि, नई तारीखों पर राजनयिक चैनलों के माध्यम से दोनों पक्षों द्वारा विचार किया जा रहा है।

पीएम मोदी के दौरे को लेकर प्रधानमंत्री ऑफिस ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह भूटान यात्रा दोनों देशों के मध्य नियमित रूप से होने वाली उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा और भारत सरकार की ‘पड़ोसी प्रथम की नीति’ पर जोर देने की कवायद के अनुरूप है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *