ग्वादर,21 मार्च (युआईटीवी)- पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह अहाते में जबरन घुसे बंदूकधारियों ने गोलीबारी की। बताया जा रहा है कि बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के आतंकवादी ग्वादर बंदरगाह अहाते को अपने कब्जे में लेने के प्रयास करने के क्रम में ग्वादर पोर्ट अथॉरिटी कॉम्प्लेक्स में बम और भारी गोला-बारूद से लैस होकर घुस गए। जैसे ही अहाते में हमलावर घुसे,उन्होंने वहाँ गोलीबारी करनी शुरू कर दी और बम विस्फोटों की आवाजें भी आसपास सुनी गई। घटनास्थल पर तुरंत पुलिस और सुरक्षा बलों की टुकड़ियाँ पहुँचकर ताबड़तोड़ गोलीबारी करना शुरू कर दिया।
मकरान के कमिश्नर सईद अहमद उमरानी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों ने विभिन्न सरकारी विभागों, खुफिया एजेंसियों और अर्धसैनिक बलों के कार्यालय वाले परिसर पर हमला किया,जिस पर जवाबी कार्रवाई कर सुरक्षा बलों ने परिसर में घुसने की कोशिश करने वाले कम-से-कम सात हमलावरों को रोका और उनके हमले को नाकाम कर दिया।
उन्होंने कहा कि सात हमलावरों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है और घायलों का आकलन किया जा रहा है।
सफाई और तलाशी अभियान चलाए जाने की पुष्टि सूत्रों ने की है। किसी के इस हमले में हताहत होने की अभी तक कोई सूचना नहीं है।
इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) की माजिद ब्रिगेड ने ली है।
पाकिस्तान में आतंकवादी गतिविधियों में वृद्धि के बीच बीएलए का नवीनतम हमला हुआ है,विशेष रूप से यह आतंकवादी हमला खैबर पख्तूनख्वा (केपी) और बलूचिस्तान प्रांत में केंद्रित है। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) सहित आतंकवादियों,आतंकवादी समूहों और उनके सहयोगी गुटों के पदचिह्नों को उखाड़ने के लिए पाकिस्तानी सुरक्षा बल तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) लक्षित खुफिया आधारित अभियान (आईबीओ) चला रहे हैं।
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर बीएलए की माजिद ब्रिगेड सक्रिय रूप से हमले कर रही है।
टीटीपी और बीएलए ने अपना एक गठबंधन बना लिया,जो पाकिस्तान के लिए सुरक्षा स्तर की चुनौतियों को बढ़ा रही है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस आतंकी हमले पर कहा कि सीमा पार से किए जा रहे हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसका जवाब पूरी ताकत से दिया जाएगा।
पाकिस्तान के लिए फरवरी 2024 का महीना सबसे घातक रहा है। क्योंकि कम-से -कम 97 आतंकवादी हमले इस माह में हुए हैं। इन हमलों में कम-से -कम 87 लोगों की मौतें हुईं हैं,जबकि 118 लोग घायल भी हुए।
