नई दिल्ली,21 मार्च (युआईटीवी)- व्लादिमीर पुतिन के पुनः रूस के राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति से रूस-यूक्रेन वार पर भी चर्चा की और इसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से पीएम मोदी ने फोन पर बात किया।
रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग को कूटनीति और बातचीत के जरिए हल निकालने के अपने रुख को दोहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुतिन से बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग के मसले का हल कूटनीति और बातचीत के जरिए निकाला जाना चाहिए। अपने इस बात को पुतिन से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पुनः दोहराया है,तो वहीं इस बात को पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से भी कही है कि जंग का हल बातचीत के जरिए निकाला जाना चाहिए।
राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बातचीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, भारत-यूक्रेन साझेदारी को मजबूत करने पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से अच्छी बातचीत हुई। उन्हें रूस-यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने तथा शांति के सभी प्रयासों के लिए भारत के निरंतर समर्थन से भी अवगत कराया। भारत की ओर से निरंतर मानवीय सहायता जारी रखे जाने पर भी जोर दिया गया। जेलेंस्की ने एक बयान में यूक्रेन के लोगों के लिए भारत की निरंतर मानवीय सहायता की सराहना की।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी को पुतिन और जेलेंस्की दोनों ने रूस और यूक्रेन का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी को ‘शांति-स्थापक’ (पीस मेकर) के रूप में देखते हैं।
इससे पूर्व,अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत के बाद लिखा था, राष्ट्रपति पुतिन से बातचीत की और पुनः रूसी संघ के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर उन्हें बधाई दी। भारत-रूस के मध्य के रणनीतिक साझेदारी को आने वाले वर्षों में और अधिक मजबूत,गहरा तथा विस्तारित करने के लिए हम एक साथ मिलकर काम करने पर सहमत हुए। इस बीच,रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत में आगामी लोकसभा चुनावों के सफल आयोजन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएँ दीं।
पीएम मोदी ने ज़ेलेंस्की से फोन पर बात करते हुए कहा कि भारत उन सभी प्रयासों का समर्थन करता है,जिससे शीघ्र और शांतिपूर्ण तरीके से रूस-यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष समाप्त हो सके।
