उज्जैन,25 मार्च (युआईटीवी)- मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में भस्म आरती के दौरान आग लगने से पुजारी समेत 13 लोग झुलस गए हैं। भस्म आरती के दौरान गुलाल उड़ाए जाने से आग की लपटें तेज हो गई,जिससे वहाँ उपस्थित लोग इस आग की चपेट में आ गए। जिला अस्पताल में सभी घायलों को भर्ती कराया गया है। होली का जश्न मनाते समय यह घटना घटित हुई।
इस घटना के जाँच के आदेश जिलाधिकारी नीरज सिंह ने दिए हैं। बताया जा रहा है कि होली के अवसर पर गर्भगृह में मौजूद पुजारी द्वारा भस्म आरती के बाद गुलाल उड़ाया जा रहा था। इसी दौरान आग की लपटें तेज हो गई और गर्भगृह में मौजूद कई पुजारी समेत 13 लोग इस आग में झुलस गए।
आग में जितने भी लोग झुलसे हैं,उन सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। चार लोग इस हादसे में गंभीर रूप से झुलस गए हैं,इन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर भेजा गया है।
महाकाल मंदिर के पुजारी आशीष ने बताया कि,भस्म आरती के दौरान गुलाल उड़ाया जा रहा था। इस दौरान आग भड़क उठी,जिसमें वहाँ मौजूद पुजारी सहित अन्य लोग झुलस गए। इलाज के लिए सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।
#MadhyaPradesh महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान आग लग गई। हादसे में पांच पुजारी समेत 13 लोग झुलसे हैं।#Holi2024 #Ujjain pic.twitter.com/Kdn9THm6gp
— Versha Singh (@Vershasingh26) March 25, 2024
उज्जैन के जिलाधिकारी नीरज कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी इस घटना के सूचना के बाद अस्पताल पहुँच गए हैं। जिलाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने कहा कि 13 लोग गर्भगृह में लगी आग से झुलस गए हैं। घटना के कारणों का पता लगाने के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बाबा महाकाल के दरबार में रविवार सुबह में फूलों की होली खेली गई थी,जबकि शाम में होलिका दहन किया गया था। सोमवार की सुबह बाबा महाकाल के साथ भस्म आरती के बाद अबीर गुलाल से होली खेली जा रही थी, यह हादसा इसी दौरान घटित हुई।
इस घटना पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि आज प्रातः बाबा महाकाल मंदिर के गर्भगृह में भस्म आरती के दौरान जो दुर्घटना घटित हुई है,वह दुखद है। मैं सुबह से ही प्रशासन के संपर्क में हूँ और फिलहाल सब कुछ नियंत्रण में है। सभी घायलों के शीघ्र ही पूर्ण स्वस्थ होने के लिए मैं बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूँ।
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने महाकाल मंदिर के गर्भगृह में लगी आग पर कहा है कि कुछ पुजारी इस हादसे में घायल हो गए हैं। हादसे में घायल सभी लोगों को उज्जैन और इंदौर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मैं उनका हालचाल लेने के लिए अस्पताल जा रहा हूँ। यह सब भगवान का आशीर्वाद है कि कोई बड़ी घटना घटित नहीं हुई। लेकिन इस घटना के जाँच के लिए मैंने मजिस्ट्रेट जाँच के निर्देश दे दिए हैं। मैं यह सुनिश्चित करूँगा कि इस प्रकार की घटना दोबारा घटित न हों और इस घटना के लिए जो भी दोषी होगा,उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
