चेन्नई, 23 मार्च (युआईटीवी)- इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके ) के बीच खेला गया। जिसमें आरसीबी को 6 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी। आरसीबी के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने इस हार के लिए शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी के पतन को जिम्मेदार ठहराया। शुक्रवार को हुए शुरुआती मैच में आरसीबी ने अपनी शरुआत तो अच्छी की थी,लेकिन बाद में उनकी पारी लड़खड़ा गई और अंततः रुतुराज गायकवाड़ की नेतृत्व वाली सीएसके टीम से आरसीबी को हार का सामना करना पड़ा।
टॉस जीतकर आरसीबी की टीम ने मजबूत लक्ष्य निर्धारित करने की उम्मीद से पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन उनका यह निर्णय गलत साबित हो गया।पावरप्ले के पाँचवें ओवर में उनके शीर्ष क्रम को तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की डबल स्ट्राइक ने ध्वस्त कर दिया। आरसीबी आईपीएल 2024 के पहले मैच में 173 रन का मामूली स्कोर ही बनाने में सफल हो सकी। जिसमें 95 रन की मजबूत साझेदारी अनुज रावत और दिनेश कार्तिक के बीच हुई।
महत्वपूर्ण शुरुआती ओवरों में विकेट गँवाने पर आरसीबी के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने अफसोस जताते हुए कहा कि बाकी मैच के लिए शुरुआती ओवरों में विकेट गँवाने के वजह से हम बैकफुट पर आ गए और हम बेहतर प्रदर्शन करने से चूक गए। उन्होंने कहा कि शुरुआती झटकों के बाद हम अपनी पारी को मजबूत कर सकते थे। यदि आरसीबी ने 15 से 20 रन और बनाए होते तो चेन्नई की चुनौतीपूर्ण पिच पर हम अच्छे स्थिति में होते। आरसीबी लगभग 15 से 20 रन कम रह गई।
फाफ डु प्लेसिस ने कहा कि जब आप यहाँ खेलते हैं,तो छह ओवर के बाद थोड़ी गिरावट आती है। बीच के ओवरों में चेन्नई बहुत अच्छी टीम है। वे आपको अपने स्पिनरों से निचोड़ लेते हैं। ऐसा उन्होंने कई वर्षों तक किया है। फाफ डु प्लेसिस ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान कहा कि मुझे ऐसा लगा जैसे पिच पर शायद हम लगभग 15-20 रन से कम रह गए,क्योंकि पिच उतनी खराब नहीं थी जितनी हमने पहले 10 ओवरों में खेली थी।
कैमरून ग्रीन और विराट कोहली ने अच्छा योगदान दिया,लेकिन जब वे 12वें ओवर के अंदर आउट हो गए,तो आरसीबी के लिए संघर्ष तेज हो गया। टीम में आशा की किरण रावत और कार्तिक की सराहनीय साझेदारी ने जगाई। फाफ ने सीएसके जैसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ निर्धारित किए गए 174 रन के लक्ष्य को पर्याप्त नहीं होने की बात को स्वीकार किया।
