पटना,20 जून (युआईटीवी)- पटना में खरीफ महाभियान-2024 का आज,गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर सभी जिलों के लिए रवाना किया।
खरीफ महाभियान-2024 कार्यक्रम के मकसद के बारे में एक अधिकारी ने बताया कि जिन विभिन्न योजनाओं को कृषि विभाग द्वारा संचालित किया जाता है,उसके बारे में सभी जानकारियाँ किसानों को देना और किसानों को उन योजनाओं से जागरूक करना है।
मुख्यमंत्री द्वारा जो किसान जागरूकता वाहन सभी जिलों के लिए रवाना किया गया है,उसके जरिए किसानों को खरीफ फसलों की तकनीकी जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों को किसान जागरूकता वाहन के माध्यम से कृषि विभाग द्वारा खरीफ मौसम में संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा सभी जिलों के किसानों को खरीफ में अनुदानित दर पर उपादान वितरण की जानकारी,जैविक खेती के लिए प्रोत्साहन,जलवायु के अनुकूल कृषि कार्यक्रम से संबंधित जानकारी,फसल विविधीकरण पर विशेष जानकारी,फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूकता,चतुर्थ कृषि रोड मैप के विभिन्न आयामों की जानकारी इत्यादि दी जाएगी। किसानों को जागरूक करने के लिए इन जानकारियों के अलावा कई अन्य कार्यक्रमों का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने कार्यक्रम के शुरूआत में मुख्यमंत्री का स्वागत हरित पौधा एवं फूलों का गुच्छा भेंट कर किया।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,कृषि मंत्री मंगल पाण्डे,उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा,जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई अन्य वरीय पदाधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
