सैन फ्रांसिस्को,20 जून (युआईटीवी)- अमेरिका के अलास्का प्रांत में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया,जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है। यह विमान दुर्घटना अलास्का प्रांत के केनाई प्रायद्वीप में क्रिसेंट लेक में हुआ।
मंगलवार दोपहर को इस दुर्घटना को दो हाइकरों ने देखा और उन्होंने इसकी सूचना पेट्रोलिंग ड्यूटी में लगे पुलिस के जवानों को दी।
बचाव दल ने दुर्घटना वाले इलाके में एक हेलीकॉप्टर और एक फ्लोट प्लेन को भेजा,जिसने झील में दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे पाए। विमान में सवार लोगों के जीवित बचे होने के कोई भी संकेत पानी में या किनारे पर नहीं मिले।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि शवों की तलाश बुधवार को जारी थी। क्षेत्र में पाइपर पीए-18 सुपर क्यूब विमान के आने की सूचना मिली थी। बताया जा रहा है कि इस विमान में दो लोग सवार थे।
पेट्रोलिंग टीम के प्रवक्ता ऑस्टिन मैकडैनियल ने बताया कि मूस पास से यह विमान रवाना हुआ था और संभावना जताई जा रही थी कि विमान उसी क्षेत्र में वापस आएगी। इस दुर्घटना की जाँच राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड कर रहा है।
