शराब

तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में जहरीली शराब पीने से 29 लोगों की हुई मौत,60 से अधिक लोग बीमार

नई दिल्ली,20 जून (युआईटीवी)- तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में जहरीली शराब पीने से तकरीबन 29 लोगों की मौत हो गई है और 60 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं,जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी गुरुवार को अधिकारियों द्वारा साझा की गई।

कल्लाकुरिची के जिला कलेक्टर एम.एस. प्रशांत ने पुष्टि की कि कथित अवैध शराब पीने से कल्लाकुरिची में 29 लोगों की मृत्यु हो गई है।

इस घटना पर मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने दुःख व्यक्त किया। इस घटना को रोकने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ उन्होंने कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने एक पोस्ट में कहा,मैं कल्लाकुरिची में मिलावटी शराब पीने वाले लोगों की मौत की खबर सुनकर दुःखी और स्तब्ध हूँ। जो भी लोग इस अपराध में शामिल हैं,उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना को रोकने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।


राज्यपाल आर.एन. रवि ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया और जो लोग जहरीली शराब पीने से बीमार हैं,उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

उन्होंने कहा कि कल्लाकुरिची में अवैध शराब पीने से जो मौत हुई है,उससे गहरा सदमा लगा है। कई अन्य लोग भी जहरीली शराब पीने से गंभीर स्थिति में हैं और विभिन्न अस्पतालों में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति राज्यपाल आर.एन. रवि ने संवेदना व्यक्त की है और अस्पतालों में भर्ती लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

राज्यपाल आर.एन. रवि ने कहा कि हमारे राज्य के विभिन्न हिस्सों से अक्सर लोगों के अवैध शराब पीने से मरने की दुःखद खबरें सामने आती रहती हैं। जिससे अवैध शराब के उत्पादन और खपत को रोकने में हो रही चूक का पता चलता। यह गंभीर चिंता का विषय है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *