सैन फ्रांसिस्को,21 जून (युआईटीवी)- अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत के ओकलैंड स्थित लेक मेरिट में जुनेटींथ समारोह के दौरान गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया,जिसमें 15 लोग घायल हो गए।
गुरुवार को ओकलैंड पुलिस विभाग ने एक बयान के माध्यम से कहा कि बुधवार रात स्थानीय समयानुसार करीब 8:15 बजे तक भीड़ शांतिपूर्ण थी। 5,000 से अधिक लोग इस समारोह में सम्मिलित हुए थे। उसके बाद मोटरसाइकिलों और वाहनों से जुड़ा एक अवैध प्रदर्शन उत्तरी किनारे पर ग्रैंड एवेन्यू और बेलव्यू एवेन्यू के पास शुरू हुआ। पुलिस का कहना है कि सड़क पर इस प्रदर्शन से लड़ाई शुरू हो गई और लोगों की भीड़ लड़ाई वाले इलाके में जमा हो गई।
गुरुवार दोपहर को ओकलैंड पुलिस विभाग के प्रमुख फ्लॉयड मिशेल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कोई व्यक्ति शो के दौरान कार के हुड पर चढ़ गया और जो लोग कार के अंदर बैठे हुए थे,वे लोग बाहर निकल आए। कार के हुड पर चढ़े व्यक्ति पर उन लोगों ने हमला कर दिया,जिसके बाद गोलीबारी की घटना शुरू हो गई।
ओकलैंड फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि इस गोलीबारी की घटना में घायल हुए कम -से -कम चार लोगों को उन्होंने इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुँचाया।
कुछ पीड़ितों को पुलिस ने भी नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करवाया,जबकि कुछ पीड़ित खुद ही अस्पताल चले गए। इस घटना में किसी के मरने की सूचना नहीं है।
अमेरिका में हर साल 19 जून को गुलामी प्रथा की समाप्ति की याद में जुनेटींथ समारोह आयोजित किया जाता है। इस दिन राष्ट्रीय अवकाश रहता है।
