गाजा,13 जुलाई (युआईटीवी)- गाजा शहर पर इजरायली हवाई हमले में हमास का एक वरिष्ठ कमांडर अयमान शोवाडेह मारा गया। 7 अक्टूबर को इजरायल पर जो हमला किया गया था,उसके साजिश रचने में हमास का यह वरिष्ठ कमांडर शामिल था। इस बात की जानकारी इजरायली रक्षा बलों की ओर से दी गई है।
शुक्रवार को इजरायली सेना ने एक बयान में कहा कि हवाई हमले में हमास के जिस वरिष्ठ कमांडर की मौत हुई है,उसका नाम अयमान शोवाडेह है और फिलहाल वह हमास की शेजैया बटालियन का डिप्टी कमांडर था। इससे पहले वह एक प्रमुख ऑपरेटिव के रूप में हमास के संचालन मुख्यालय में था।
जारी किए गए बयान के मुताबिक,इजरायली सैनिकों के खिलाफ हमास का वरिष्ठ कमांडर अयमान शोवाडेह ने कई हमलों का संचालन किया था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के रिपोर्ट के मुताबिक,इजरायली सेना ने दावा करते हुए कहा कि शहर के शेजैया में हाल ही में जो आईडीएफ अभियान चलाया गया था,जिसमें 150 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे,यह व्यक्ति उन्हीं में से एक था।
शेजैया को लगभग दो सप्ताह तक इजरायली सेना ने निशाना बनाया,ताकि सभी सक्रिय आतंकवादियों और उनके बुनियादी ढाँचे को खत्म कर सके।
सेना ने शेजैया में अभियान (मिशन ) के पूरा होने की घोषणा कर दी है।
वहीं,दूसरी ओर इजरायली सेना ने वेस्ट बैंक के शहर रामल्लाह के पास अबवीन गाँव में एक छापे के दौरान एक युवा फिलिस्तीनी की हत्या कर दी।
शुक्रवार को फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने मृतक की पहचान बताए बिना एक बयान में कहा कि,हमारे दल ने एक 26 वर्षीय व्यक्ति को गाँव से बाहर निकाला,जिसके सर में गंभीर चोट लगी थी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के रिपोर्ट के मुताबिक,बयान में कहा गया कि जिस घायल व्यक्ति को गाँव से बाहर निकाला गया था,अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,गाँव में इजरायली बलों ने धावा बोल दिया,आँसू गैस के गोले छोड़े और गोलियाँ भी चलाईं,जिससे युवक घायल हो गया।
इजरायली सेना की ओर से इस घटना पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
संयुक्त राष्ट्र के आँकड़ों के मुताबिक,वेस्ट बैंक और पूर्वी यरुशलम में अक्टूबर 2023 की शुरुआत में फिलिस्तीनी-इजरायल के बीच संघर्ष के शुरू होने के बाद से 550 से अधिक फिलिस्तीनियों की इजरायली सेना ने हत्या की है।
