बचाव अभियान

बहराइच में घाघरा नदी में फँसे 114 किसानों को रेस्क्यू किया गया,बचाव अभियान शुक्रवार से चल रहा था

बहराइच,20 जुलाई (युआईटीवी)- उत्तर प्रदेश के बहराइच में घाघरा नदी में फँसे 114 किसानों को बचा लिया गया है। घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जो किसान वहाँ एक टापू पर फँस गए थे,उन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुक्रवार शाम से ही चलाया जा रहा था और यह शनिवार सुबह संपन्न हुआ।

बता दें कि घाघरा नदी के बीच सभी किसान अपने खेतों में काम करने के लिए गए थे और उसी समय ढाई लाख क्यूसेक पानी घाघरा नदी में छोड़ा गया। इस कारण वहीं पर किसान फँस गए। वहीं,सभी किसानों को प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बचा लिया है।

ग्रामीणों ने बताया कि सभी किसान सुजौंली इलाके के चहलवा में खेती करने के लिए गए थे और उसी समय अचानक से बाढ़ आ गई,जिससे खेतों में ही वे सभी फँस गए। बाद में वे सभी किसान एक टापू पर पनाह ली और उन्हें प्रशासन की मदद से बचा लिया गया।

उपजिलाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम को कुछ लोगों के घाघरा नदी के बीच एक टापू पर फँसे किसानों के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद एनडीआरएफ और सीमा सुरक्षा बल की टीम मौके पर भेजा गया। 63 लोगों को शुक्रवार देर रात तक बचाया गया और शनिवार सुबह तक 55 लोगों को बाहर निकाल लिया गया।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को घाघरा नदी में चौधरी चरण सिंह बैराज से ढाई लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। खेती करते वक्त 114 किसान चहलवा में घाघरा नदी के बीच फँस गए थे।

63 लोगों को देर रात तक बचाया गया था,लेकिन 55 लोग बढ़ते जलस्तर के कारण टापू पर ही फँसे रह गए। उन्हें वहाँ से निकालने के लिए प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम और सीमा सुरक्षा बल की सहायता ली।

आपको बता दें कि नेपाल में पहाड़ों पर जमकर बारिश हो रही है,जिसके कारण नदियों में नेपाल की ओर से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। नेपाल से सटे उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में नेपाल की ओर से लगातार छोड़े जा रहे पानी का असर देखने को मिल रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *