दांबुला,20 जुलाई (युआईटीवी)- महिला एशिया कप 2024 के ग्रुप ए मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान की टीम को 7 विकेट से मात दे दी है। टॉस जीतकर पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और भारत ने 19.2 ओवर में 108 रनों पर उनकी पारी को समेत दिया। पाकिस्तान द्वारा दिए गए लक्ष्य को भारतीय टीम ने 14.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल किया।
शेफाली वर्मा ने भारत की ओर से पारी की शुरुआत की और 29 गेंदों पर 6 चौकों और एक छक्का की मदद से 40 रनों की पारी खेली। अनुभवी स्मृति मंधाना ने भी शेफाली वर्मा का अच्छा साथ निभाते हुए 31 गेंदों में 9 चौका जड़ते हुए 45 रनों की पारी खेली। हालाँकि,दयालन हेमलता नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 5 रन की नाबाद पारी खेली और जेमिमा रोड्रिग्ज ने 3 रन की नाबाद पारी खेल कर भारत को जीत दिलाई।
पाकिस्तान के तरफ से सैयदा अरूब शाह ने शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना को आउट किया और 3 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट हासिल किया,वहीं नशरा संधू ने दयालन हेमलता को आउट कर 1 विकेट हासिल किया।
इससे पहले,भारतीय गेंदबाज पूजा वस्त्राकर ने पाकिस्तान की पारी के दौरान पाकिस्तान के ओपनरों गुल फिरोजा और विकेटकीपर मुनीबा अली को सस्ते में पवेलियन लौटा दिया। गुल फिरोजा को 5 रन पर आउट किया ,तो मुनीबा अली को 11 रनों के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद कप्तान निदा डार को दीप्ति शर्मा ने 8 रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखाया।
पाकिस्तान की सिदरा अमीन को रेणुका सिंह ने आउट करके 61 रनों के स्कोर पर पाकिस्तान की आधी टीम को आउट कर दिया। रेणुका ने अपनी अगली ही गेंद पर इरम जावेद को बगैर खाता खोले आउट कर दिया। तूबा हसन ने पाकिस्तान के लिए 19 गेंदों पर 22 रनों की पारी खेली,इसके बाद दीप्ति शर्मा ने उन्हें आउट किया। इसके बाद पाकिस्तान के पुच्छले क्रम को भारतीय टीम ने जल्द ही निपटा दिया। सैयदा अरूब शाह 2 रन बनाकर आउट हुई,तो नशरा संधू और सादिया इकबाल शून्य रन पर आउट हो गई। फातिमा सना ने निचले क्रम पर पाकिस्तान की ओर से 16 गेंदों पर 22 रनों की पारी खेली।
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट हासिल किए,पूजा वस्त्राकर,रेणुका सिंह और श्रेयंका पाटिल ने 2-2 विकेट लिए।
