अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन

जो बाइडेन ने राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर होने के बाद राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा,अमेरिका का भविष्य दांव पर लगा है

वाशिंगटन,25 जुलाई (युआईटीवी)- अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने राष्ट्रपति पद के रेस से हटने के बाद बुधवार रात ओवल ऑफिस में देश को पहली बार संबोधित किया। बाइडेन ने अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रपति पद के दौड़ से नाम वापस लेने के अपने फैसले के बारे में अमेरिकियों को जानकारी दी और कहा कि वह ‘नई पीढ़ी को मशाल सौंप रहे हैं’। साथ ही उन्होंने लोगों से मौजूदा उपराष्ट्रपति और नई उम्मीदवार कमला हैरिस के लिए समर्थन भी माँगा।

राष्ट्रपति पद के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए बाइडेन ने कहा कि वह अपने देश से अधिक प्यार करते हैं। उन्होंने ओवल ऑफिस से अपने संबोधन में कहा कि मैंने तय किया कि नई पीढ़ी को मशाल सौंपना आगे बढ़ने का सबसे अच्छा तरीका। आगे उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्र को एकजुट करने का यह सबसे बेहतर तरीका है।

उन्होंने कहा कि किसी भी पद से अधिक महत्वपूर्ण लोकतंत्र की रक्षा है। अमेरिकी लोगों के लिए काम कर मैं शक्ति प्राप्त करता हूँ,लेकिन यह पवित्र कार्य मेरे बारे नहीं,बल्कि आप लोगों के बारे में हैं। आपके और आपके परिवारों के भविष्य के बारे में है। उपराष्ट्रपति कमला हैरिस अब जो बाइडेन की जगह राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल हो गई हैं और उन्हें बाइडेन ने अपना पूरा समर्थन देने की पेशकश की है।

उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने उस समय से 126 मिलियन डॉलर से अधिक अपने अभियान के लिए जुटा लिए हैं और डेमोक्रेटिक पार्टी के नामांकन को जीतने के लिए आवश्यकता से ज्यादा प्रतिनिधि प्राप्त कर लिए हैं। बाइडेन ने आगामी राष्ट्रपति पद के दौड़ से नाम वापस लेने के अपने फैसले के बारे में कहा कि हमेशा से उनका दूसरे कार्यकाल का इरादा था,लेकिन मेरा ऐसा मानना है कि मेरा पीछे हटने का निर्णय मेरी पार्टी और देश के हित में है। अब मेरा अहम काम राष्ट्रपति के रूप में अपने कार्यकाल का शेष समय अपने कर्तव्यों को पूरा करने में ध्यान देना है।

यूएसए टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक,बाइडेन ने अपनी टिप्पणी में स्पष्ट किया कि वह अपने शेष कार्यकाल को पूरा करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति के रूप में अगले छह महीने तक अपना काम करने में बिताने की योजना बना रहे हैं – अर्थव्यवस्था को बढ़ाने,परिवारों के लिए लागत कम करने,व्यक्तिगत स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों की रक्षा इत्यादि के लिए काम करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *