नई दिल्ली,1 अगस्त (युआईटीवी)- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को केरल के वायनाड में हुए भीषण त्रासदी को देखते हुए संसद के दोनों सदनों में गुरुवार को आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक 2024 पेश करेंगे। आपदा प्रबंधन विधेयक 2005 में सरकार इस संशोधन विधेयक के माध्यम से महत्वपूर्ण बदलाव करना चाहती है। जिससे केरल के वायनाड में हुई भीषण भूस्खलन जैसी घटनाओं के बाद प्रभावित लोगों तक अधिक प्रभावी तरीके से कम समय में मदद पहुँचाई जा सके।
लोकसभा में बुधवार को इस मुद्दे पर नियम 197 के अंतर्गत चर्चा हुई। गृह मंत्री अमित शाह ने इस चर्चा का जवाब देते हुए इस संशोधन बिल को लाने की जानकारी दी थी।
इसके अलावा संसद में सीमा शुल्क अधिनियम 1975 की धारा 8ए संशोधन विधेयक को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश करेंगी। साथ ही केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू लोकसभा में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी,उद्यमिता और प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम) की परिषद के लिए दो सदस्यों के चुनाव का प्रस्ताव पेश करेंगे।
वहीं दिल्ली विकास प्राधिकरण के सलाहकार परिषद के लिए आज ही केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर दो सदस्यों के चुनाव का प्रस्ताव पेश करेंगे।
गौरतलब है कि,मंगलवार को केरल के वायनाड में भीषण भूस्खलन की आपदा आई,जिसमें अब तक 200 से भी अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस आपदा में अब भी कई लोगों के फँसे होने की खबर है। इस भीषण त्रासदी के बाद राहत एवं बचाव कार्य में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल,सशस्त्र बलों,तटरक्षक बल तथा अन्य एजेंसियाँ लगी हुई हैं। हेलिकॉप्टर की मदद से लापता लोगों को तलाश किया जा रहा है। मौके पर नौसेना की रिवर क्रॉसिंग टीम भी मौजूद है। घटनास्थल पर भारतीय नौसेना और भारतीय वायुसेना के 1200 बचावकर्मी की तैनाती की गई है।
केरल सरकार के अनुसार,इस भीषण त्रासदी से प्रभावित 200 से अधिक लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों से अब तक 5,592 लोगों को बचाया जा चुका है।
