वाशिंगटन,2 अगस्त (युआईटीवी)- ईरानी धमकियों के बीच गुरुवार रात को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बातचीत की। ईरान ने इजरायल के खिलाफ सीधे हमले करने की धमकी दी है। ईरानी धमकियों का मुकाबला करने के लिए जो बाइडेन तथा बेंजामिन नेतन्याहू ने बातचीत के दौरान नई अमेरिकी सैन्य तैनाती पर चर्चा की।
बातचीत के बाद व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा कि ईरान और उसके समर्थित आतंकवादी समूहों से इजरायल को होने वाले खतरों से सुरक्षा के लिए राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपनी प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया है। इजरायल को हमास,हिजबुल्लाह और हौथी आतंकवादी समूहों से खतरा है,जिससे सुरक्षा प्रदान करने की बात राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बताई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजरायल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ ही क्षेत्र में उत्पन्न व्यापक तनाव को कम करने के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं,उसके महत्व पर भी विशेष जोर दिया। इस बातचीत में अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी शामिल हुईं।
इस बीच,हमास के राजनीतिक नेता इस्माइल हानियेह की ईरान की राजधानी तेहरान में बुधवार को हत्या कर दी गई,जिसके बाद देश के खिलाफ होने वाले किसी भी ईरानी हमले के लिए इजरायली सेना ने पूरी तरह से तैयारी कर ली है।
इजरायली रक्षा मंत्री के कार्यालय के सूत्रों ने मिली जानकारी के अनुसार,इस्माइल हानियेह के हत्या का बदला लेने के लिए सर्वोच्च ईरानी नेता अली खामेनेई ने इजरायल पर जवाबी हमले करने की धमकी दी है। इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने अली खामेनेई द्वारा जवाबी कार्रवाई करने के बयान देने के बाद खुद को किसी भी स्थिति के लिए तैयार कर लिया है।
