बुद्धदेव भट्टाचार्य

पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य ने 80 साल की उम्र में ली आखिरी सांस,सीएम ममता बनर्जी ने जताया दुःख

कोलकाता,8 अगस्त (युआईटीवी)- पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का लंबी बीमारी के बाद आज (गुरुवार को) सुबह 8:20 बजे निधन हो गया। 80 साल की उम्र में उन्होंने अपने आवास पर आखिरी सांस ली। यह जानकारी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की राज्य इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने दी।

पिछले लंबे समय से वे विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। उनके उपचार के लिए चिकित्सक जुटे हुए थे। उनके स्वास्थ्य की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जुलाई में उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। डॉक्टरों के अनुसार,पिछले लंबे समय से वे क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी और वृद्धावस्था संबंधित बीमारियों से जूझ रहे थे।

पश्चिम बंगाल में बुद्धदेव भट्टाचार्य वाम मोर्चे के 34 वर्षों के शासन के दौरान सीपीएम के दूसरे और आखिरी मुख्यमंत्री थे। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर वे काफी लंबे समय तक काबिज रहे,वे लगातार 11 वर्षों (2000 से 2011) तक मुख्यमंत्री के पद पर थे।

हालाँकि,उनके स्वास्थ्य में बीते दिनों सुधार देखने को मिल रहा था,लेकिन अचानक उनका निधन हो गया। वे अपने परिवार के साथ कोलकाता में ही रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी मीरा और बेटी सुचेतना हैं।


बुद्धदेव भट्टाचार्य लंबे से सार्वजनिक जीवन से स्वास्थ्य संबंधित बीमारियों की वजह से दूर थे। उन्होंने सीपीआई (एम) पोलित ब्यूरो और केंद्रीय समिति के पद से साल 2015 में ही इस्तीफा दे दिया था और केंद्रीय सचिवालय से साल 2018 में जुड़े थे।

उनका जन्म उत्तरी कोलकाता में 1944 में हुआ था। उन्होंने बंगाली साहित्य की पढ़ाई बंगाल के प्रतिष्ठित प्रेसीडेंसी कॉलेज से की थी। इसके बाद वे सीपीआई(एम) से जुड़ गए। इस दौरान वे डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन के सचिव भी रहे।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि,“पूर्व मुख्यमंत्री श्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के आकस्मिक निधन से स्तब्ध और दुःखी हूँ।” मैं उन्हें पिछले कई दशकों से जानती हूँ। वह जब पिछले कुछ वर्षों में बीमार थे और घर पर ही थे,तब मैंने कई बार उनसे मुलाकात की थी।


आगे उन्होंने कहा कि,दुःख के इस समय में मीरा दी और सुचेतना के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैं अपनी संवेदना सीपीआई (एम) पार्टी के सदस्यों और उनके सभी अनुयायियों के प्रति व्यक्त करती हूँ। उनकी अंतिम यात्रा और संस्कार के दौरान उन्हें पूरा सम्मान देने का निर्णय हमने पहले ही ले लिया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने लिखा कि,पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन की खबर से बहुत दुःख हुआ। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *