मुंबई, 4 सितंबर (युआईटीवी)- महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव इसी साल नवंबर में होने की जानकारी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दी है। मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह बात कही। शिवसेना के विधायक दिलीप लांडे के चंदीवली निर्वाचन क्षेत्र में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था,जिसमें मुख्यमंत्री शिंदे ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव दो महीने बाद नवंबर महीने में हैं,इसलिए हमें शिवसेना विधायक दिलीप लांडे को भारी बहुमत से जिताने के लिए उनका समर्थन करना चाहिए और उनके साथ मजबूती से खड़ा होना होगा।
मुंबई में एक सभा के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आगे कहा कि,शिवसेना और महायुति गठबंधन के विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। यह पहली बार है जब महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की संभावित तारीख पर महायुति गठबंधन का नेतृत्व करने वाले सीएम एकनाथ शिंदे ने बात की है। इससे पहले एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने मौजूदा विधानसभा के कार्यकाल के बारे में कहा था कि 26 सितंबर 2024 तक मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल है,लेकिन नवंबर के दूसरे सप्ताह तक विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया समाप्त हो सकती है। हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने पार्टी के सांसदों,विधायकों,मंत्रियों तथा पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की थी।
उन्होंने जनता तक राज्य सरकार के विकास योजनाओं को पहुँचाने का निर्देश दिया। इस बीच चुनाव से पहले अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने राज्य में अपनी मजबूती को सुनिश्चित करने के लिए ‘लाडली बहना’ समेत अन्य योजनाओं को लेकर जुटी हुई है। महाराष्ट्र में वर्तमान सरकार में तीन दल भाजपा, शिवसेना और एनसीपी शामिल हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में 150 से 160 सीटें पर भाजपा अपना दावा कर रही है और बाकी के 128 सीटों को शिवसेना, एनसीपी तथा अन्य दलों के लिए छोड़ दी जाएगी।
बता दें कि महाराष्ट्र प्रभारी और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की देखरेख में भाजपा ने चुनाव की तैयरियों की शुरुआत कर दी है। पार्टी का लक्ष्य पूरे महाराष्ट्र में करीब एक लाख बूथों तक अपनी पहुँच बनाने का है। दूसरी ओर,महाविकास अघाड़ी में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे,शरद पवार और राज्य कांग्रेस पार्टी प्रमुख नाना पटोले ने सीट बँटवारे को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने सीट बँटवारे में किसी प्रकार के कोई समस्या नहीं होने का दावा किया है और कहा कि विधानसभा चुनाव में वह महायुति सरकार को शिकस्त देंगे।
