हंसल मेहता और करीना कपूर खान

करीना कपूर खान अभिनीत ‘द बकिंघम मर्डर्स’ का ट्रेलर हुआ रिलीज,करीना कपूर एक सख्त पुलिस अधिकारी की भूमिका में दिखीं

मुंबई,4 सितंबर (युआईटीवी)- करीना कपूर खान अभिनीत फिल्म ‘द बकिंघम मर्डर्स’ का ट्रेलर मुंबई के जुहू इलाके में स्थित एक मल्टीप्लेक्स में जारी किया गया। करीना कपूर,हंसल मेहता और एकता कपूर भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

करीना फिल्म में एक सख्त पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आने वाली हैं। जसमीत भामरा नाम की पुलिस अफसर के इर्द-गिर्द इस फिल्म की कहानी घूमती है,जो अपनी निजी समस्याओं से जूझते हुए लगातार अपने पड़ोस में एक बच्चे की हत्या के मामले की जाँच में लगी हुई है।

ट्रेलर के शुरुआत में दिखाया जाता है कि डिटेक्टिव जसमीत भामरा तीन लड़कों से पूछताछ कर रही हैं। उन्हें उन तीनों से कोई खास जवाब नहीं मिलता है। जसमीत के सामने इशप्रीत के कातिल का पता लगाना है,जबकि उस समय खुद वह अपने बच्चे की मौत का गम झेल रही होती है। उस बच्चे के पड़ोसी, दोस्तों और रिश्तेदारों से जसमीत भामरा के साथ पुलिस भी  पूछताछ करती है, लेकिन इस बारे में उन्हें कहीं से कोई सुराग नहीं मिलता है।

एक मुस्लिम लड़के पर इशप्रीत के हत्या का शक जाता है और उसे पुलिस गिरफ्तार भी कर लेती है। उसके बाद स्थिति और बिगड़ जाती है। लंदन में मुस्लिम और सिख समुदाय के बीच मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति की गिरफ़्तारी के बाद सांप्रदायिक तनाव भड़क उठता है,जिसे एक सिख बच्चे के हत्या का संदिग्ध माना जाता है।

जब यह पता चलता है कि मारे गए बच्चे को उसके माता-पिता ने गोद लिया था,तब कहानी में नया मोड़ आ जाता है।

सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार फिल्म में मारे गए बच्चे के पिता की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में कीथ एलन और एश टंडन भी हैं। ‘अलीगढ़’ फेम हंसल मेहता ने इस फिल्म का निर्देशन किया है।

करीना का इस फिल्म से एक निर्माता के रूप में फिल्म इंडस्ट्री में एक नई यात्रा की शुरुआत हो रही है। करीना ने फिल्म इंडस्ट्री में 25 साल पूरे किए हैं।

एकता कपूर के साथ करीना की यह चौथी फिल्म है,इससे पहले उन्होंने ‘वीरे दी वेडिंग’, ‘क्रू’ और ‘उड़ता पंजाब’ में एक साथ काम किया था।

बीएफआई लंदन फिल्म फेस्टिवल 2023 में फिल्म ‘द बकिंघम मर्डर्स’ का प्रीमियर हुआ था। बीएफआई लंदन फिल्म फेस्टिवल 2023 और मुंबई फिल्म फेस्टिवल 2023 में करीना कपूर खान अभिनीत आगामी फिल्म ‘द बकिंघम मर्डर्स को जबरदस्त सराहना मिली थी। इस फिल्म को प्रशंसकों के ओर से काफी तारीफ मिली थी।

असीम अरोड़ा,कश्यप कपूर और राघव राज कक्कड़ द्वारा ‘द बकिंघम मर्डर्स’ को लिखा गया है,जिसकी प्रस्तुति बालाजी टेलीफिल्म्स द्वारा किया गया है। यह फिल्म करीना कपूर खान,एकता कपूर,शोभा कपूर,टीबीएम फिल्म्स तथा महाना फिल्म्स द्वारा निर्मित है। 13 सितंबर, 2024 को फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

इस बीच,करीना के पास रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘सिंघम अगेन’ भी है,जिसे 1 नवंबर 2024 को रिलीज किया जाएगा।