आतिशी और सौरभ भारद्वाज

दिल्ली के अगले नए मुख्यमंत्री के निर्णय के लिए केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की बड़ी बैठक,आप नेता सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया ये जवाब

नई दिल्ली, 16 सितंबर (युआईटीवी)- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद 15 सितंबर,2024 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने की घोषणा कर दिए हैं,जिसके बाद से राष्ट्रीय राजधानी ​में सियासी सरगर्मी चरम पर पहुँच गया है। अरविंद केजरीवाल ने घोषणा किया कि वे दो दिनों में मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे देंगे। उनके इस्तीफे के बाद कोई नया चेहरा दिल्ली का मुख्यमंत्री बनेगा। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल सामने आ रहा है कि आखिर दिल्ली का अगला नया मुख्यमंत्री कौन होगा? दिल्ली के अगले सीएम के बात की चर्चा सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। इस बीच यह खबर आ रही है कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया इस मसले के हल को लेकर सोमवार को एक बड़ी बैठक करने वाले हैं।

अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के निर्णय के बाद दोनों के मध्य यह पहली बैठक होने वाली है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,संभावना जताई जा रही है कि इस बैठक में सीएम के नाम पर चर्चा की जाएगी।

आप के दो शीर्ष नेता अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के मध्य सिविल लाइंस इलाका स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर आज की प्रस्तावित बैठक होगी। सीएम अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को आबकारी नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा हुए। रविवार को उन्होंने कहा था कि ‘आप’ के विधायकों के साथ अगले कुछ दिन में बैठक करेंगे और उनकी पार्टी के किसी सहकर्मी को मुख्यमंत्री के लिए चुना जाएगा।

सीएम पद के दावेदारों में दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी,सीएम की पत्नी सुनीता केजरीवाल,आम आदमी पार्टी दिल्ली प्रभारी व मंत्री गोपाल,मंत्री सौरभ भारद्वाज के नामों पर चर्चा हो रही है। ऐसे में लोगों में नए मुख्यमंत्री के चेहरे और उसकी खासियत जानने के लिए उत्सुकता बनी हुई है।

सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप ) के ओर से सौरभ भारद्वाज ने अरविंद केजरीवाल के फैसले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए,तब उनसे दिल्ली के अगले सीएम के बारे में सवाल पूछा गया। इस पर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस बारे में आपको जितनी जानकारी है,मुझे भी उतना ही पता है। उन्होंने बताया कि विधायक दल की बैठक केजरीवाल के इस्तीफे के बाद ही होगी।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर सीएम बनाएगी। वहीं केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सीएम के नए चेहरे को लेकर फैसला करने के लिए आज एक बैठक करने वाले हैं।