नई दिल्ली,18 सितंबर (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 से 23 सितंबर 2024 तक संयुक्त राज्य अमेरिका के यात्रा पर रहेंगे। अमेरिका के इस तीन दिवसीय यात्रा के दैरान प्रधानमंत्री चौथे क्वाड लीडर्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि चौथे क्वाड लीडर्स शिखर सम्मेलन का आयोजन डेलावेयर के विलमिंगटन में किया जा रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन इसकी मेजबानी करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन 21 सितंबर को इस कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे। इसके अलावा न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।
चौथे क्वाड लीडर्स शिखर सम्मेलन में इसके सदस्य देश अमेरिका,ऑस्ट्रेलिया,भारत और जापान शामिल हैं तथा इस शिखर सम्मलेन को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले एक साल में क्वाड के नेताओं द्वारा हासिल की गई प्रगति की इस बैठक के दौरान समीक्षा की जाएगी और आगे आने वाले समय के लिए योजना तैयार की जाएगी। तैयार की जाने वाली योजना इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के डेवलपमेंट के लिए अहम साबित होगा। क्योंकि क्वाड के नेताओं द्वारा हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों के लिए आने वाले वर्ष के विकास लक्ष्यों और आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद के लिए एजेंडा का निर्धारण करेंगे।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बताया कि अमेरिकी पक्ष के द्वारा इस वर्ष के क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी की जा रही है और 2025 में होने वाले अगले क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए भारत ने सहमति व्यक्त की है।
पीएम मोदी क्वाड लीडर्स शिखर सम्मेलन बैठक में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस के साथ हिस्सा लेंगे। वहीं,इस दौरान जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के लिए फेयरवेल मीटिंग का आयोजन किया जाएगा।
अमेरिका में नवंबर में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडेन हिस्सा नहीं ले रहे हैं,तो वहीं जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा अपना पद छोड़ने जा रहे हैं।
न्यूयॉर्क में 23 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा में ‘भविष्य के शिखर सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। इस बार इसका विषय ‘बेहतर कल के लिए बहुपक्षीय समाधान’ रखा गया है।
विदेश मंत्रालय की ओर से बताया गया कि,शिखर सम्मेलन में बड़ी संख्या में वैश्विक नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिखर सम्मेलन के दौरान कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और आपसी हितों के मसलों पर विचार-विमर्श करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क में रहते हुए 22 सितंबर को भारतीय समुदाय की एक सभा को भी संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी प्रमुख अमेरिकी कंपनियों के सीईओ के साथ दोनों देशों के बीच एआई,सेमीकंडक्टर,क्वांटम कंप्यूटिंग तथा वायोटेक्नोलॉजी जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में अधिक-से-अधिक सहयोग को बढ़ावा देने के मकसद से बातचीत करेंगे।
न्यूयॉर्क के उपनगर यूनियनडेल में डायस्पोरा इवेंट ‘मोदी एंड यूएस प्रोग्रेस टुगेदर’ का आयोजन किया जाएगा। 25,000 से अधिक लोगों ने इस कार्यक्रम के टिकट के लिए आवेदन किया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि,भारत-अमेरिका के द्विपक्षीय परिदृश्य में पीएम मोदी के सक्रिय विचारकों तथा कई अन्य हितधारकों के साथ भी बातचीत करने की उम्मीद है।
