प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस

प्राग शो के दौरान निक जोनस फैंस की हरकतों से हुए परेशान,कॉन्सर्ट को बीच में छोड़कर निकल गए

नई दिल्ली,16 अक्टूबर (युआईटीवी)- प्राग में कॉन्सर्ट के दौरान ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा के पति और मशहूर सिंगर निक जोनस को एक अप्रिय घटना का सामना करना पड़ा। निक जोनस अपने भाई केविन के साथ स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे, तब अचानक से उन पर लेजर लाइट से निशाना साधा गया। इस सुरक्षा खतरे के कारण निक को अपना कॉन्सर्ट बीच में ही रोकना पड़ा और स्टेज छोड़कर जाना पड़ा।

यह घटना तब हुई जब निक और उनके भाई केविन जोनस स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे। जैसे ही निक ने इस खतरे को महसूस किया,वे तुरंत अपनी सुरक्षा टीम को सतर्क किया और कुछ देर के लिए शो को रोकने का निर्णय लिया। हालाँकि,निक ने स्टेज छोड़ दिया और उनके भाई केविन वहीं बने रहे। सुरक्षा टीम ने जल्द ही उस व्यक्ति की पहचान कर ली, जिसने लेजर लाइट से निशाना साधा था और उसे कार्यक्रम स्थल से हटा दिया गया। इस घटना के कारण कार्यक्रम में थोड़ी देर के लिए रुकावट आई, लेकिन बाद में स्थिति नियंत्रण में आ गई।

इस घटना की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई और कॉन्सर्ट के वीडियोज को कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी शेयर किए हैं,जिसमें इस अप्रिय घटना की झलक देखी जा सकती है। निक के फैंस ने सोशल मीडिया पर उनकी सुरक्षा के प्रति चिंता जताई और घटना पर निराशा व्यक्त की।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jonas Daily News (@jonasdailynews_)


निक जोनस हॉलीवुड के एक जाने-माने सिंगर और एक्टर हैं। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ की झलकियाँ प्रशंसकों के साथ साझा करते रहते हैं। निक का इंस्टाग्राम अकाउंट उनकी प्यारी तस्वीरों और वीडियोज से भरा रहता है,जिसमें उनकी बेटी मालती मैरी चोपड़ा और पत्नी प्रियंका चोपड़ा के साथ बिताए गए खूबसूरत पलों की झलक भी शामिल रहती हैं। निक अपने प्रशंसकों के साथ अपनी जिंदगी के हर खास मौके को साझा करने से पीछे नहीं हटते।

निक जोनस ने न सिर्फ एक्टिंग में बल्कि म्यूजिक इंडस्ट्री में भी अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कई हिट गाने गाए हैं,जिनमें ‘मान मेरी जान’, ‘सकर’, ‘ओनली ह्यूमन’, ‘डू इट लाइक डैट’, ‘जलन’, ‘इंट्रोड्यूसिंग मी’, और ‘क्लोज’ जैसे गाने शामिल हैं। उनके इन गानों ने दुनियाभर में धूम मचाई और उनके प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए।

प्रियंका चोपड़ा के साथ शादी के बाद से निक भारत में भी कई बार म्यूजिक शो कर चुके हैं, जहाँ उन्हें भारतीय प्रशंसकों का भी खूब प्यार और समर्थन मिला है। उनकी और प्रियंका की जोड़ी को ग्लोबल आइकन माना जाता है और दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ बिताए गए पलों को सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।

निक जोनस की यह घटना एक यादगार कॉन्सर्ट में अचानक आई अप्रिय बाधा थी,लेकिन इस पूरी स्थिति को उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई ने अच्छी तरह से संभाल लिया।