जी किशन रेड्डी ने संभाला ‘पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय’

नई दिल्ली, 8 जुलाई (युआईटीवी/आईएएनएस)| केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने गुरुवार को पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्री का कार्यभार संभाल लिया। जी किशन रेड्डी ने गुरुवार को ही संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय का कार्यभार भी संभाला है। तेलंगाना से आने वाले जी किशन रेड्डी पहले भारत सरकार में गृह राज्य मंत्री थे। हालांकि बुधवार को हुए केंद्रीय मंत्रीमंडल विस्तार के बाद अब उन्हें कैबिनेट मंत्री बना दिया गया है। जी किशन रेड्डी के पास अब केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन और पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास का मंत्रालय है।

गुरुवार को वह विज्ञान भवन में स्थित पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्रालय पहुंचे। यहां विधिवत पूजा करने के उपरांत उन्होंने मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण किया। जी किशन रेड्डी के साथ ही उनके मंत्रालय के नए राज्य मंत्री बी एल वर्मा ने भी गुरुवार को ही राज्य मंत्री के रूप में भी कार्यभार संभाल लिया।

नया मंत्रालय संभालने के उपरांत जी किशन रेड्डी ने जानकारी देते हुए कहा कि गुरुवार को मैंने बतौर कैबिनेट मंत्री पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्रालय का कामकाज संभाल लिया है। विज्ञान भवन स्थित मंत्रालय में मेरे साथी ही बीएल वर्मा ने भी इस मंत्रालय के राज्य मंत्री के तौर पर अपना कार्य शुरू कर दिया है।

जी किशन रेड्डी एक सामान्य किसान परिवार से हैं। उन्होंने सीआईटीडी से टूल्स इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है। वह वर्ष 1977 में युवा नेता के तौर पर राजनीति में आए। 1980 में भाजपा की स्थापना के बाद भाजपा से जुड़ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *