लोहरदगा में भाजपा नेता की गोली मार कर हत्या, चार गिरफ्तार

रांची, 9 मई (युआईटीवी/आईएएनएस)- झारखंड के लोहरदगा जिले में भाजपा नेता रतन महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। रविवार रात दो बजे अपराधियों ने कुडू थाना क्षेत्र के जीमा चटकपुर गांव में उनके घर पर धावा बोला और उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग की। परिजन उन्हें लेकर रांची स्थित रिम्स ला रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात को पारिवारिक जमीन विवाद में अंजाम दिया गया है। घटना को अंजाम देने के लिए शूटर को सुपारी दी गयी थी। शूटर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस वारदात पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि लोहरदगा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोहरदगा को एक मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां विपक्षी नेताओं की हत्या, सांप्रदायिक हिंसा, तुष्टिकरण जैसे प्रयोग किए जा रहे हैं।

लोहरदगा जिला भाजपा अध्यक्ष मनीर उरांव ने कहा कि जबसे झामुमो-कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से अपराधी तत्व खुलेआम घूम रहे हैं। कोई लगाम नहीं है। विशेषकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को टारगेट किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार की कारगुजारी उजागर कर रहे हैं। इसलिए इन्हें टारगेट किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *