कर्नाटक : मुस्लिम युवक हत्याकांड में 4 गिरफ्तार

दक्षिण कन्नड़ (कर्नाटक), 2 अगस्त (युआईटीवी/आईएएनएस)- मोहम्मद फाजिल मंगलपेट की हत्या के मामले की जांच कर रही कर्नाटक पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों को उत्तर कन्नड़, बेंगलुरू समेत विभिन्न जगहों से उठाया गया है। पुलिस विभाग ने फाजिल के परिवार के अनुरोध पर एसीपी रैंक के एक अधिकारी के नेतृत्व में हत्यारों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था।

पुलिस ने हत्या को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है और वाहन के मालिक अजीत क्रस्टा (40) को गिरफ्तार कर लिया है।

सूत्रों ने बताया कि हत्यारों के गिरोह के बारे में पुख्ता सुराग मिलने के कारण पुलिस मामले का पदार्फाश करने को लेकर आश्वस्त है। उन्हें सुहास के नेतृत्व वाले गिरोह की भूमिका पर संदेह था, जो पहले एक हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में शामिल था।

हालांकि, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान के बारे में अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस विभाग इस संबंध में दिन में बाद में घोषणा कर सकता है।

फाजिल की 28 जुलाई को दक्षिण कन्नड़ जिले के सुरथकल कस्बे में हत्या कर दी गई थी। विपक्षी दलों ने हत्या मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की थी। मुख्यमंत्री बावराज बोम्मई ने कहा था कि पुलिस को जांच करने और हत्यारों को पकड़ने की आजादी दी गई है।

ऐसा संदेह है कि भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य प्रवीण कुमार नेट्टारे की हत्या के प्रतिशोध में हिंदू कार्यकर्ताओं ने फाजिल की हत्या कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *